मसलिया: मसलिया अंचल क्षेत्र के बसकीडीह पंचायत के घांसीमारनी मौजा के गौचर भूमि प्लाट संख्या 1544 को अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर ग्राम प्रधान प्रधान मुर्मू व ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी, उपायुक्त व अंचलाधिकारी को लिखित शिकायत किया है। ग्रामीणों का आरोप सड़क निर्माण करा रही कंपनी मिनी कंस्ट्रक्शन पर है। जो गौचर भूमि प्लाट संख्या 1544 पर सड़क निर्माण की सामग्री गिट्टी, पत्थर व अवैध बालू का डंप किया हुआ है। इसको लेकर घांसीमारनी मौजा ग्राम प्रधान प्रधान मुर्मू ने कंपनी के साइड इंचार्ज रामु कुमार को गौचर भूमि छोड़ कर बगल में ग्रामीणों की जमाबंदी जमीन पर रखने को कहा गया लेकिन उन्होंने मनमानी करते हुए कहा कि सरकारी काम कर रहे हैं सरकार के जगह पर गिरा रहे हैं। अधिक बोलोगे तो आपलोगों पर ही केस कर जेल भेजवा दूंगा। प्रधान मुर्मू का कहना है कि सड़क निर्माण कंपनी इसके अलावे और भी कई स्थानों में गौचर जमीन पर निर्माण सामग्री गिराया हुआ है। जिसमें जोगिडीह गांव के काली मंदिर के सामने की गौचर प्लाट भी है। वहीं आगे शिला नदी का अवैध बालू चलवाने का भी आरोप लगाया है। प्रधान मुर्मू व ग्रामीणों ने बताया कि शिला नदी में जोगिडीह गांव के पास जरगड़ी जलापूर्ति योजना का इंटेक वेल बनाया गया है। और उसी नदी का समूचा बालू उठाकर रातों रात मिनी कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट में गिरवा रहा है। अवैध बालू का ढेर गौचर जमीन पर लगा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गौचर गाय बैलों के चरने की जमीन होती है। आसपास में कई ऐसे जमाबंदी जमीन पड़ी हुई है जहां भी बालू गिरा सकता था लेकिन 1544 प्लाट पर जहां तहां बालू गिट्टी पत्थर गिराकर अतिक्रमण किया हुआ है।
रैयत लबशर हेंब्रम ने जमाबंदी जमीन पर अतिक्रमण का लगाया आरोप-
घांसीमारनी मौजा के ही रैयत लबशर हेम्ब्रम ने अपने जमाबंदी जमीन संख्या 1545 पर कंपनी का प्लांट बैठाने व अवैध बालू डंप कराने का आरोप लगाया है। लबशर कहना है कि मुझे बगैर जानकारी व बगैर अनापत्ति प्रमाण पत्र के ही प्लांट बैठाने व सड़क निर्माण सामग्री गिराया गया है। इसको लेकर अंचलाधिकारी मसलिया अनुमंडल पदाधिकारी व उपायुक्त को चिट्ठी लिख कर उचित कारवाई करने व गौचर तथा जबरन बनाये प्लांट की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।




