गैंगस्टर का नाम लेते ही मुंबई पुलिस ने लिया हिरासत में
मुंबई । मुंबई के दादर इलाके में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के शूटिंग सेट पर एक शख्स अवैध रूप से घुस गया। शक होने पर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने कहा कि मैं लॉरेंस बिश्नोई को कहूं क्या ? इसके बाद संदिग्ध को पूछताछ के लिए शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन ले जाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक ये घटना मुंबई के परिमंडल-5 में हुई। संदिग्ध ने कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल किया। पुलिस उसकी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब यह अज्ञात व्यक्ति अंदर आया तो सलमान खान शूटिंग स्थल पर मौजूद थे। जब उसने लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिया तो क्रू में से कुछ लोगों ने उसे देख लिया। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से सलमान खान लॉरेंस बिश्नोई के निशाने पर हैं और सलमान खान को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कई बार धमकी भी मिल चुकी है। हाल ही में उनसे 5 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी गई थी। कुछ महीने पहले सलमान के बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग भी हुई थी। इसमें लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। कुछ दिनों पहले सलमान खान के सबसे अच्छे दोस्त और राज्य के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से सलमान की सुरक्षा का ख्याल और भी सजगता से रखा जाने लगा है।
संजय/संतोष झा- ०५ दिसंबर/२०२४/ईएमएस


