रानीश्वर(दुमका) । संथाल विद्रोह के समापन के मार्मिक इतिहास से जुड़े दिगुली गांव के संथाल काटा पोखर के सौंदर्यीकरण एवं लोहे की ग्रील की चहारदीवारी निर्माण के तुरंत बाद धराशायी हो गयी। साथ ही पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल दुमका के द्बारा पोखरा के पास उस पोखर के संक्षिप्त इतिहास से जुड़ा लगाया गया होडिंग भी धराशायी हो गया है। बताते चलें कि, दुमका के पूर्व उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने प्रखंड मुख्यालय रानीश्वर से आठ किलोमीटर की दूरी पर पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित इस पोखर को ऐतिहासिक धरोहर के रूप में विकसित करने का कार्य शुरू कराया था| बिशेष प्रमंडल दुमका के माध्यम से यहां अस्सी लाख की लागत पर संथाल विद्रोह के इतिहास से जुड़े पोखर का सौंदर्यीकरण एवं लोहे की चहारदीवारी निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद ग्रिल की चहारदीवारी धराशायी हो गयी है। विगत छह महीने से स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल दुमका के अभियंता बेखबर बने हैं। 1855 के संथाल विद्रोह के मार्मिक समापन के समय यह इलाका बीरभूम जिला के अधीन था। 56 साल के बाद 1911 में बिहार राज्य गठन के समय संथाल परगना जिला को बिहार के साथ जोड़ा गया था| उस विद्रोह के 167 साल के बाद भी यहां के इतिहास को सही स्थान नहीं मिला था| अंतिम सर्वे रिकार्ड में पोखर को संथाल काटा पोखर नाम से दर्ज किया गया हैं| वर्ष 2000 में सर्वप्रथम झारखंड बंग भाषी जागरण पत्रिका में संथाल काटा पोखर के इतिहास को प्रकाशित किया गया था । लगातार बांग्ला एवं हिंदी पत्र पत्रिकाओं में इस पोखर के इतिहास को प्रकाशित करने के बाद जिला प्रशासन ने बिशेष रुचि लेकर इस पोखर को राष्ट्रीय ऐतिहासिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल शुरू की है, लेकिन विभागीय उदासीनता से विगत 6 महीने से कार्य बंद है। स्थानीय बुद्धिजीवियों के अनुसार प्रशासनिक स्तर पर भी इस ऐतिहासिक स्थल की उपेक्षा की जा रही है जो खेद का विषय है| डॉ रामदयाल मुंडा शोध संस्थान में भी संथाल काटा पोकर के इतिहास को जगह दी गई है।




