जामताड़ा : पश्चिम बंगाल सरकार के द्वारा झारखंड में आलू निर्यात पर रोक लगाए जाने से राज्य भर के व्यवसायियों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को जिला चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्रीज के द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस संदर्भ में अपने अपनी चिंता जाहिर की गई। चेंबर के जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि बंगाल सरकार के द्वारा आलू निर्यात पर रोक लगाए जाने से पूरे राज्य में आलू की उपलब्धता प्रभावित होगी। आलू कम उपलब्ध होने से महंगाई बढ़ेगी साथ ही आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस प्रेस वार्ता में मिंटू अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सहित संथाल परगना में चार मंत्री रहे और इसके बावजूद भी संथाल परगना का अपेक्षाकृत विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इन दोनों ही मामले में संथाल परगना काफी पिछड़ा हुआ है। जिला उपाध्यक्ष गोपाल सिंघी ने कहा कि संथाल परगाना का समुचित विकास तभी होगा जब सरकार यहां पर औद्योगिक क्षेत्र का विकास बेहतर ढंग से करेगी। प्रस्ताव बनते रहते हैं पर धरातल पर नहीं उतर पाते। इसके लिए सरकार के पास एक रोड मैप होना बहुत जरूरी है। चंबल के सदस्यों ने नवनिर्वाचित सभी विधायक और चौथी बार मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन को बधाई दी। उम्मीद जताई कि इस नई सरकार में औद्योगिक विकास के साथ-साथ संथाल परगना और पूरे राज्य में व्यवसायियों के हित में बेहतर कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर उपाध्यक्ष गोपाल सिंघी, सचिव दिलीप जटिया, मिंटू अग्रवाल, सौरभ पोद्दार, हरसू मंडल, अजीत लच्छीरामका, बिष्णु रामुका,मुन्ना पोद्दार, दिनेश हलवाई, विजय बर्नवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



