शहर से लेकर गांव कस्बे तक फैल चुका है लॉटरी का अवैध धंधे का कारोबार, करोड़पति बनने के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई को गंवा रहे हैं लोग
दुमका/सरैयाहाट। झारखंड की उपराजधानी दुमका में अवैध तरीके से बिक रहे नकली लॉटरी के कारोबार का मामला अब तूल पकड़ने लगा हैं। जिले मुख्यालय से लेकर गांव कस्बे तक फैल चुके इस अवैध धंधे से जहां एक तरफ लोग अपनी गाढ़ी कमाई को गंवा रहे हैं तो दूसरी तरफ इस धंधे में शामिल लोग रातों रात मालामाल हो रहे हैं। पहले नकली लॉटरी का कारोबार दुमका के शहरी क्षेत्र तक ही सीमित था लेकिन अब गांव कस्बों में भी कारोबारी अपने एजेंट बना चुके हैं। शनिवार को लॉटरी के इस अवैध धंधे की वजह से दुमका उस समय फिर चर्चा में आ गया जब एक्स पर एक यूजर ने इसकी जानकारी देते हुए सीधे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग कर लिखा कि अवैध नकली लॉटरी के चक्कर की वजह से दुमका के युवा रातों रात करोड़पति बनने के चक्कर में अपनी कमाई डूबा रहे हैं। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए दुमका के उपायुक्त को कार्यवाही का निर्देश जारी किया। मुख्यमंत्री के निर्देश की जानकारी मिलते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने मामलें में जिला प्रशासन को ट्रॉल करना शुरू कर दिया। लोगों को लग रहा है कि मुख्यमंत्री का निर्देश सिर्फ एक्स पर ही सिमट कर रह जाएगा।
—————————————————————————————————————————–
अवैध नकली लॉटरी टिकट के कारोबार को कारोबारी ऐसे संचालित कर रहे हैं जिसकी जानकारी खरीदने वालों को भी नहीं मिलती। दूसरे राज्य के लॉटरी टिकट की हुबहू कॉपी प्रिंट कर यहां बेची जा रही है। बताया जाता है कि दुमका जिले में दो बड़े और चार छोटे सिंडिकेट इस कार्य को कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल के आसनसोल और दुमका शहर के अलावा नोनीहाट में नकली लॉटरी टिकट की प्रिंट निकाली जाती हैं। कारोबारी अपने अपने टिकट की पहचान के लिए लॉटरी टिकट के नंबर के पहले अंग्रेजी के किसी एक शब्द को लगा देते हैं। कारोबारी के द्वारा अब गांव कस्बों तक अपने एजेंट बना दिए गए हैं और उन्हीं के जरिए रोजाना लाखों रुपए मूल्य की नकली लॉटरी टिकट खपाए जा रहे हैं।
—————————————————————————————————————————–
दुमका जिले में अवैध तरीके से संचालित नकली लॉटरी का यह कारोबार कोई नया नहीं है। वर्षों से यह कारोबार यहां खुलेआम संचालित हो रहा है। कई बार संताल परगना के अलग अलग जगहों पर कार्यवाही हुई तो सभी में दुमका का लिंक सामने आया। दुमका के शहरी क्षेत्र के अलावे नोनीहाट, हंसडीहा, सरैयाहाट, रामगढ़, जामा, काठीकुंड, गोपीकांदर, मसलिया, दलाही, रानीश्वर सहित अन्य क्षेत्रों में भी खुलेआम नकली लॉटरी टिकट खपाए जा रहे हैं।



