विश्वविद्यालय प्रशासन के असंवेदनशील भावना से हम काफी आहत विश्वविद्यालय के कर्मी: परिमल कुंदन
दुमका। झारखंड के दुमका में अवस्थित सिदो कान्ह मुर्मू विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ की ओर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर के अनिश्चितकालीन तालाबंदी आंदोलन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। संघ की ओर से गुरुवार को जारी एक बयान में इस विश्वविद्यालय में कार्यरत शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भावनात्मक तरीके से अपनी पीड़ा का इजहार किया है। संघ ने कहा है कि एसकेएमयू झारखंड के दुमका जैसे पिछड़े इलाके में अवस्थित एकमात्र विश्वविद्यालय है।इसकी स्थापना 1992 में भागलपुर विश्वविद्यालय से अलग होकर की गयी थी। आज इस विश्वविद्यालय की स्थापना के लगभग 33 वर्षों के बाद भी इस विश्वविद्यालय के सृजित पदों के विरुद्ध एक भी शिक्षकेतर कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई। ऐसे में विश्वविद्यालय अंतर्गत विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के कर्मचारियों को पदस्थापित कर सभी कार्यों का निष्पादन किया जा रहा है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में अध्यापन के कार्य के अतिरिक्त ऐसा कोई कार्य नहीं है। जिसमें शिक्षकेत्तर कर्मियों की भूमिका नहीं है। विश्वविद्यालयों के हर आयोजनों की सफलता के पीछे हमारे योगदान को इसलिए नजरअंदाज कर दिया जाता है क्योंकि कर्मचारी मंच पर नहीं आते।
सिदो कान्ह मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका द्वारा प्रति वर्ष 80 से ज्यादा परीक्षाएं ली जाती है और परिणाम भी जारी किये जाते हैं। क्या इसमें हम कर्मियों का कोई योगदान नहीं? परीक्षा से लेकर परिणाम तक वेतन से लेकर पेंशन तक के नियमानुसार निष्पादन में हम रात दिन परिश्रम करते हैं। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के सृजित पदों के विरुद्ध मात्र 20 प्रतिशत कर्मचारी ही शत प्रतिशत कार्यों का निष्पादन करते हैं। इस तरह हर कर्मचारी ससमय 5 गुणा अधिक कार्य करते हैं।
हम शिक्षकेत्तर कर्मियों को ईमानदारी एवं निष्ठापूर्ण कार्य के बदले में नहीं मिल पा रहा है लाभ। एसकेएमयू के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं पर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि पिछले 30 वर्षों से उन्हें कोई प्रोन्नति नहीं दी गई। वर्ष 1996 से प्रभावी वेतन 2010 से प्रारंभ किया गया। वर्ष 2006 से प्रभावी वेतन 2015 में प्रारंभ किया गया। वर्ष 2016 से प्रभावी वेतन का लाभ अब तक नहीं मिल सका है। राज्य के उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा 150 से ज्यादा कर्मियों को अब तक न तो पंचम और न ही छठे वेतनमान में वेतन निर्धारण को अनुमोदित नहीं किया गया है।
अपने पैतृक महाविद्यालयों से हम शिक्षकेत्तर कर्मियों का पदस्थापन विश्वविद्यालय मुख्यालय कर दिया गया। जहां पिछले 33 वर्षों से हम किराए के मकान में रहकर प्रतिदिन 20 किलोमीटर की दूरी तय कर कार्य करने को मजबूर हैं। जबकि इसके बदले प्रतिनियुक्ति भत्ता भी नहीं दिया जाता है। इतने वर्षों तक एक उम्मीद पर हम अपनी सेवा दे रहे हैं किन्तु उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा हमें लगातार अपमानित किया जा रहा है। सरकार के सौतेले रवैए के कारण हम अपने परिवार का अच्छी तरह भरण पोषण नहीं कर पाते। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं दे पाते और न ही अच्छी चिकित्सीय सुविधा ही दे पाते हैं। इस वजह से हम एक सुखद भविष्य की उम्मीद में अपमानित होते हुए निष्ठापूर्ण सेवा देते-देते अब थक गए हैं। कई बार सामूहिक अवकाश पर रहकर हमने शांतिपूर्ण तरीके से विश्वविद्यालय प्रशासन से अपनी मांगों को पूर्ण कराने को लेकर निवेदन भी किया। माह जुलाई 2024 में किए गए आंदोलन को इस आश्वासन पर समाप्त कराया गया कि माह अगस्त तक सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। किंतु प्रशासन इस कार्य में विफल रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन का हम कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीनता की पराकाष्ठा तो तब हुई जब विश्वविद्यालय के वित्त समिति एवं अभिषद द्वारा अनुमोदित आंतरिक श्रोत से दिए जा रहे एसीपी-एमएसपी के लाभ को भी अकस्मात एवं बिना किसी पूर्व सूचना के दिवाली एवं छठ जैसे त्यौहार के माह में वेतन से काट लिया गया। कितनी शर्मनाक बात है कि कुलपति हमें नियुक्ति देते हैं (अनुकंपा दैनिक सेवा का नियमितीकरण) और वेतन निर्धारण , प्रोन्नति के लिए हमे न्यायालय जाना पड़े। कर्मचारियों के वेतन निर्धारण, ससमय वेतन एवं बकायों का भुगतान, ससमय प्रोन्नति इत्यादि लाभों को सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन (कुलपति एवं कुलसचिव) की नैतिक जिम्मेदारी होनी चाहिए न कि सभी लाभों से वंचित रखते हुए सिर्फ कार्य के प्रति दबाव बनाना। राज्य सरकार को वेतन निर्धारण हेतु प्रस्ताव भेज देने मात्र से विश्वविद्यालय प्रशासन मुक्त नहीं हो जाता। वेतनमान अनुमोदित कराना उनका ही दायित्व है न कि कर्मचारियों का।
लाचार होकर, बाध्य होकर, निराश होकर सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान एवं एसीपी एमएसीपी के लाभ को पुनः स्थापित करने की मांग को लेकर दिनांक 26.11.2024 से हम कर्मियों ने विश्वविद्यालय मुख्यालय कार्यालय में संपूर्ण तालाबंदी प्रारंभ कर दिया है। छात्र हित में पूर्व निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम को हमने बिल्कुल भी बाधित नहीं किया। आज हमारे इस
तालाबंदी कार्यक्रम का तीसरा दिन है। अभी तक हमारे मांगो के प्रति विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक भी सकारात्मक पहल की शुरुआत नहीं की है। विश्वविद्यालय के एक भी पदाधिकारी हमारी जायज मांगों पर सहानुभूति मात्र हेतु भी धरना स्थल पर उपस्थित नहीं हुए। इससे साफ प्रदर्शित होता कि विश्वविद्यालय प्रशासन हमारे मांगो के प्रति जरा भी गंभीर नहीं हैं। हमारे निवर्तमान कलपति महोदय ने मीडिया में सरकार के जिस पत्र का हवाला देकर हम कर्मचारियों के वेतन से
कटौती का बयान दिया वह बिल्कुल ही भ्रामक है। यह माननीय उच्च न्यायालय के न्यायादेश के आलोक में उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा निर्गत एक तार्किक आदेश है न कि राज्य के विश्वविद्यालयों के कर्मियों को आंतरिक श्रोत से दिए जा रहे लाभ को काटने का आदेश। पत्र के अंतिम पृष्ठ से यह स्पष्ट है कि यह तार्किक आदेश वादियों को उपलब्ध कराने के लिए प्रेषित है। दूसरी ओर पत्र में यह भी उल्लिखित है कि स्वायत संस्थान अपने कर्मियों को आंतरिक श्रोत से यह लाभ दे सकते हैं। हमें वित्त समिति और अभिषद के निर्णयोंपरांत यह लाभ दिया जा रहा था। यदि कटौती करनी ही थी तो वित्त समिति और अभिषद की बैठक आहत कर निर्णय लेने के उपरांत ही।
पांचवें छठे एवं सातवें वेतनमान में वेतन निर्धारण नहीं होने के कारण प्रत्येक कर्मचारी का 10 लाख रुपए से ज्यादा बकाया है। हम कर्मचारियों के कल्याण की जरा भी भावना यदि विश्वविद्यालय प्रशासन की होती तो इन बकाए से भविष्य में सामंजन भी किया जा सकता था। विश्वविद्यालय प्रशासन को हमें देय लाभ के भुगतान के प्रति कार्य सक्रिय होना चाहिए न कि कटौती के प्रति ।
हम कर्मचारियों के प्रति विश्वविद्यालय प्रशासन के इस असंवेदनशील भावना से हम काफी आहत हैं। हमारी स्थिति अब करो या मरो की है। जब तक एसीपी और एमएसीपी के लाभ सहित सातवें वेतन का भुगतान संबंधित अधिसूचना जारी नहीं हो जाती है हमारा आंदोलन जारी रहेगा।



