राजीव झा
जामताड़ा : विधानसभा चुनाव के तहत मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी प्रत्याशी वोटो का आकलन करने में जुटे हुए हैं। जामताड़ा जिले में भी नाला तथा जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान की समीक्षा लोगों द्वारा की जा रही है। इस चुनाव में कई राजनेताओं का जहां भविष्य तय होगा, वहीं हारने वाले को कुछ सबक भी मिलने वाला है। इस बार के विधानसभा चुनाव में काफी दिनों बाद कई ऐसे मामले उभर कर सामने आए जो जामताड़ा में नई राजनीति के उदय की ओर ईशारा करता है।
आदिवासी वोटो में बिखराव : जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान में काफी दिनों बाद ऐसा देखा गया कि आदिवासी वोट बैंक में बिखराव हुआ। अब तक माना जाता रहा है कि आदिवासी वोट बैंक झामुमो का सेफ वोट बैंक रहा है। लेकिन इस बार उनके वोटो में काफी बिखराव दिखा। यहां तक की शिबू सोरेन को जामताड़ा के जिस गांव कंचनबेरा ने महाजनी आंदोलन में न सिर्फ शरण दिया बल्कि गुरुजी ने इसी गांव से संथाल परिवार का नेतृत्व किया। इस गांव के लोग हमेशा से गुरु जी के साथ रहे हैं। प्रत्येक चुनाव में इस गांव से हमेशा झामुमो तथा उसके गठबंधन वाली पार्टी को वोट मिलता रहा है। लेकिन इस गांव में भी वोटो का बिखरा हुआ है। ग्रामीण मानते हैं कि पहली बार इस गांव में झामुमो समर्थित इंडी गठबंधन के अलावे भाजपा को भी अच्छा खासा वोट मिला है। कंचनबेड़ा, शिवलीबाड़ी, लादना, जैसे बड़े गांव में भी शिबू सोरेन की बड़ी बहू को ग्रामीणों ने वोट दिया। हालांकि इस गांव के आदिवासियों ने बताया कि उन्होंने भाजपा को नहीं बल्कि गुरु जी की बहू को वोट दिया है। लेकिन जो भी हो इसका फायदा भाजपा को मिलेगा।
अल्पसंख्यक बहुल गांव में कम हुई पोलिंग : अब तक के चुनाव में देखा जाता रहा है कि अल्पसंख्यक गांव में हर बार बंपर वोटिंग होती है और उसका अधिकांश वोट एक ही पार्टी को जाता है। लेकिन इस बार के चुनाव में यह देखा गया कि अल्पसंख्यक बहुल गांव में भी वोटिंग का प्रतिशत न सिर्फ कम रहा बल्कि वहां की वोटो का बिखराव हुआ। यही कारण है कि सोशल मीडिया में भी जामताड़ा विधानसभा के सबसे बड़े अल्पसंख्यकबाहूल गांव चेंगाईडीह में कम वोटिंग तथा वोटो के बिखराव की चर्चा हो रही है। यही नहीं दीघारी, चैनपुर, चिरूडीह जैसे गांव के लोगों में वोट को लेकर पूर्व की तरह उत्साह तथा मतदान को लेकर उग्रता नहीं देखी गई।
शहरी क्षेत्र में गोलबंद दिखे वोटर : अक्सर ऐसा माना जाता रहा है कि शहरी वोटर भाजपा का वोटर रहता है। लेकिन जामताड़ा तथा मिहिजाम शहर में पिछली कई चुनाव से वोटो का बिखराव देखा गया। लेकिन काफी दिनों बाद सारी वोटरों में भी एक जुटता दिखाई दी। शहर के अधिकांश बूथों पर एक पक्ष में ही लोगों को गोलबंद होते देखा गया।
वोट बर्बाद नहीं करेंगे का चला ट्रेंड : इस बार के चुनाव में लोगों में इस बात की चर्चा जोरों से थी कि वोट बर्बाद नहीं करेंगे। यही कारण है कि चुनाव में भाजपा और इंडि गटबंधन के बीच सीधी टक्कर रही। वैसे तो जामताड़ा विधानसभा सीट से कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वोटिंग के मामले में दो को छोड़ अधिकांश काफी पीछे नजर आए और शायद ही उन लोगों का जमानत भी बच सके।
बरहाल ऊंट किस करवट बैठेगा यह फैसला तो आज ईवीएम का पिटारा खुलने के बाद पता चलेगा। जनता किसके सर पर ताज पहनाती है और किसे नकारती है। दोनो परिस्थिति में यह तय है कि किसी का राजनितिक उदय होगा तो किसी का राजनितिक पतन होना तय है। जिस प्रकार से जामताड़ा में मतदान हुआ है और जिस प्रकार के नए समीकरण देखने को मिले हैं कहीं ना कहीं यह जामताड़ा में नई राजनीति के उदय को प्रदर्शित करता है।



