गोड्डा :: विधानसभा चुनाव की गिनती शनिवार को सात बजे शुरू हो जाएगी। मतगणना का समय ज्यों-ज्यों नजदीक आता जा रहा है पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के दिल की धड़कन अब बढ़ने लगी है। मतदान समाप्त होने के बाद से चौक- चौराहे पर जारी चुनाव चर्चा के साथ- साथ जीत का लेखाजोखा प्रस्तुत करने, सट्टेबाजी लगाने आदि का दौर अहले सुबह से लेकर देर रात तक जारी है। चुनावी चर्चा में समर्थकों को खाना-पीना तक की सुध-बुध नहीं रहती है। हालांकि इनमें से कई ऐसे भी युवक हैं जो यह कहकर समझा रहे हैं कि कोई नृप होई हमें का हानि…. बावजूद चर्चा व बहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। मतगणना के एक दिन पूर्व तो हद तब हो गई जब कई गांवों में मंदिरों में पूजन किया गया व मस्जिद एवं मजारों में चादरपोशी तक की जा रही है। राजद व भाजपा दोनों के समर्थकों का अब उपरवाले पर भी ही आस्था है। बसंतराय कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमलगीर आलम ने कहा कि एनडीए व यूपीए गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है। ऐसे में जीत के लिए अब समर्थक मंदिर- मस्जिदों में जाकर दुआ मांगने में लगे हैं। देखतें हैं कि किसी दुआ कबूल की जाती है। इधर पकरिया गांव की बीणु मिश्रा, बबन कुमार आदि का कहना है कि जीत-हार जिसकी भी हो लेकिन रिजल्ट निकलने तक समर्थकों के दिल की धड़कन तेज है। यहां तक की दो दिनों से समर्थक जीत-हार का दावा करने को लेकर रतजगा कर रहे हैं। हालांकि सभी पार्टी के मंडल स्तरीय कार्यकर्ता जिला मुख्यालय शिफ्ट हो चुके हैं। जहां से अहले सुबह तैयार होकर मतगणना हाल में भी जाना है। इसकी तैयारी कर ली गई है।



