●आदिवासी गांवों में झामुमो को मिल रहा समर्थन
●गैर-आदिवासियों को गोलबंद कर रही भाजपा
●दोनों प्रमुख प्रत्याशी एक ही जाति से,महतो वोट में विभाजन तय
संवाददाता
दुमका।गोविंदपुर साहिबगंज हाइवे पर एक जगह है घोड़ादाहा मोड़।घोड़ादाहा गांव सारठ विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है।इस मोड़ से बिन्दापाथर गांव के लिए एक सड़क जाती है।बिंदापाथर नाला विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है।सड़क का एक किमी रास्ता काफी खराब है।गांव के एक आदिवासी युवा मलिन मुर्मू ने बताया कि यह एक किमी रास्ता देवघर जिला में है।आगे जाने पर रास्ते में नाला विधान सभा क्षेत्र का चरकादाहा गांव मिला।घनी आबादी वाले इस गांव में 7 टोला है।सबसे अधिक आबादी आदिवासियों की है।गांव में महतो समुदाय के लोग भी हैं।अधिकतर आदिवासियों के घरों पर झामुमो का झंडा दिख रहा है।महतो बंटे हुए हैं।
संताल परगना में मुख्यमंत्री की सीट बरहेट के बाद सबसे हॉट सीट नाला है।झारखंड विधानसभा के स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो यहां के सिटिंग विधायक है।चुनाव में झामुमो के प्रत्याशी हैं।
उन्हें भाजपा के माधव चन्द्र महतो से कड़ी चुनौती मिल रही है।दोनों एक ही जाति समुदाय महतो (यादव) से हैं।इस जाति का नाला क्षेत्र में अच्छी आबादी है।चरकादाहा से आगे टोडो, दलबडिया और महुआडंगाल गांव में भी महतो की अच्छी-खासी आबादी है।झामुमो और भाजपा दोनों दलों से महतो के ही प्रत्याशी होने से इस समुदाय का वोट बंटना स्वाभाविक है।आगे लखियाबाद गांव मिला जो आदिवासी बहुल गांव है।आदिवासी गांवों में झामुमो को थोक में मिलने की पूरी संभावना है।मनोज सोरेन ने बताया कि लोकसभा चुनाव में भी नाला के आदिवासियों ने एकजुट होकर झामुमो का समर्थन किया था।झामुमो का प्रत्याशी होने के कारण इस चुनाव में भी अधिकांश आदिवासियों का साथ रविन्द्र नाथ महतो को मिल रहा है।भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो भी आदिवासी वोटों में सेंधमारी करने में जुटे हुए हैं।गैर-आदिवासी वोटरों की गोलबंदी पर उनकी जीत-हार निर्भर करेगी।
नाला विधानसभा क्षेत्र की सीमा बंगाल से मिलती है।यहां की राजनीति पर बंगाल का भी प्रभाव दिखता है।कई दशक तक नाला विधानसभा क्षेत्र कम्युनिस्टों का दबदबा था। सीपीआई से डॉ विशेश्वर खाँ नाला का प्रतिनिधित्व करते थे।इस चुनाव में भी सीपीआई से कनाई चंद्र मालपहाडिया प्रत्याशी है।कुछ इलाके में सीपीआई का लाल झंडा भी दिखा।नाला से फतेहपुर तक कई जगह कैंची छाप का झंडा और बैनर दिखा।

सगाजोरी गांव में कई महिलाओं का वोटर कार्ड नहीं बना
फतेहपुर के पास सगाजोरी गांव में सुरजी टुडू और ललिता हांसदा का वोटर कार्ड नहीं बना है।जबकि दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष से अधिक है।दोनों आदिवासी युवतियों ने बताया कि इस गांव में लोग झामुमो को ही समर्थन देते हैं।
–
‘इस सरकार में कोई सुनने वाला नहीं’
फतेहपुर मेन रोड में लोग भाजपा के समर्थन करते दिखे।दीपक कुमार ने बताया कि रघुवर दास के शासन में ब्लॉक स्तर पर इतनी घूसखोरी नहीं थी।शिकायत करने पर कार्रवाई होती थी।इस सरकार में तो कोई सुनने वाला नहीं है।कमल पंडित ने बताया कि कैराबनी मोड़ में पानी की समस्या विकराल है।फतेहपुर में करीब 3 करोड़ की लागत से बनी सड़क के किनारे नाला नहीं बनने से भी लोग नाराज दिखे।एक भाजपा समर्थक लाल बहादुर गोस्वामी का कहना था कि यहां किसी कार्यालय में बिना पैसा का कोई काम नहीं होता।
2019 में अलग-अलग लड़ी थी भाजपा और आजसू, इस चुनाव में है गठबंधन
●आजसू के टिकट पर पिछला चुनाव लड़े माधव चन्द्र महतो इस चुनाव में हैं भाजपा प्रत्याशी
●सीपीआई और जेकेएलएम समेत 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं
संवाददाता
दुमका।2019 के चुनाव में रविन्द्र नाथ महतो ने भाजपा प्रत्याशी सत्यानन्द झा बाटुल को 3520 वोट से हराया था।इस चुनाव में भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदल दिया है।भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे माधव चंद्र महतो 2019 के चुनाव में यहां से आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए 16778 वोट लाए थे।इस चुनाव में भाजपा और आजसू के बीच गठबंधन है और पिछले चुनाव में आजसू प्रत्याशी रहे माधव चन्द्र महतो भाजपा से प्रत्याशी हैं।दुमका लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले नाला विधानसभा क्षेत्र में 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन को करीब 21 हजार वोट से बढ़त मिली थी।इन कारणों से ही भाजपा का मनोबल बढ़ा हुआ है और वे जीत का दावा कर रहे हैं।दूसरी ओर स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो का दावा भी मजबूत है। झामुमो के वोट बैंक के साथ ही 5 वर्षों के दौरान नाला क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के आधार पर लोगों से वोट मांग रहे हैं।उन्हें मइया सम्मान योजना और बिजली बिल माफी जैसी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।क्षेत्र के लोगों ने बताया कि नाला क्षेत्र में डिग्री कॉलेज और एकलव्य विद्यालय की स्थापना हुई है।क्षेत्र में कई सड़के भी बनी है।बंद पड़ी पलस्थली रेल लाइन इस क्षेत्र के लिए एक मुद्दा भी है।झामुमो के स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन की चुनावी सभा के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है।चुनाव मैदान में कुल 17 प्रत्याशी हैं जिनमें भाजपा और झामुमो प्रत्याशी के साथ ही सीपीआई के कनाई चन्द्र और जेएलकेएम के रघुवीर यादव भी शामिल है।सीपीआई का नाला पुराना गढ़ रहा है पर झामुमो के प्रभाव बढ़ने के बाद उसके जनाधार में कमी आई है।इसके बावजूद 2019 के चुनाव में सीपीआई को 21394 वोट मिले थे और वह तीसरे स्थान पर था।इस चुनाव में जयराम महतो की पार्टी झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा के रघुवीर यादव भी मेहनत कर रहे हैं।
–
बाटुल की नाराजगी दूर होने से माधव को राहत
भाजपा का टिकट नहीं मिलने से नाराज सत्यानन्द झा बाटुल और बीरेंद्र मंडल ने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय नामांकन कर दिया था पर भाजपा नेतृत्व ने दोनों को मना कर नामांकन वापस करा दिया। इसका लाभ भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो को मिलेगी,बशर्ते कहीं भितरघात न हो।



