जरमुंडी । जय गुरु जय महाकाल शिव शिष्य परिवार द्वारा बाबा बासुकीनाथ मंदिर में भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार पूजन आयोजित किया गया। बासुकीनाथ मंदिर के पुजारी कृष्णदेव झा के नेतृत्व में संपन्न हुए श्रृंगार पूजन के दौरान भगवान नागेश के ज्योतिर्मय शिवलिंग पर दूध,दही,घी,मधु, ईख का रस (शर्करा) व गंगाजल से वृहत अभिषेक किया गया। इसके बाद पुजारी कृष्णदेव झा द्वारा विधिविधान से भगवान नागेश के ज्योतिर्मय शिवलिंग का वैदिक रीति से षोडशोपचार पूजन किया। पूजा अर्चना के क्रम में पूजारी ने पहले गणेश की पूजा कर नंदीश्वर महाराज, वीरभद्र, स्वामी कार्तिकेय, कुबेर, कीर्तिमुख आदि शिव पार्षदोंं की पूजा की।प्रधान पूजा में पुजारी ने गौरीपट जलहरि में बिन्दूस्वरुपा माता पार्वती और भगवान बाबा बासुकीनाथ की पूजा की।भोलेनाथ को वस्त्र, उपवस्त्र, जनोव, रूद्राक्ष, चंदन, भस्म, अबीर,अक्षत, भांग, गांजा, गुलाब जल, सुगंधित तेल एवं इत्र, पान, सुपारी के अलावा पुष्प निर्मित जटा-पगड़ी व पंचमुखी नाग आदि चढ़ाया गया।बाबा बासुकीनाथ को विभिन्न उपचारों से अर्चित किए जाने पर नानाविध नैवेद्य,ऋतुफल व मिष्ठान भोग निवेदन किया गया। भोलेनाथ की भव्य श्रृंगार पूजा के दौरान माता पार्वती, कालीमाता, राजराजेश्वरी पीताम्बरा मां बगलामुखी के मंदिरों में भी भव्यतापूर्वक विशेष पूजा की गई। श्रृंगार पूजन के लिए बासुकीनाथ मंदिर परिसर को गेंदा और रजनीगंधा के फूलों से सुसज्जित किया गया था। इस मौके पर जय गुरू जय महाकाल शिव शिष्य परिवार के पंडा और बासुकीनाथ के तीर्थ पुरोहित पंडित मणिकांत झा मन्नो बाबा और उनके सहयोगी पंडित मनोज झा, संजय झा, लाली बाबा, मुकेश झा, मनोज मिश्रा, उमाकांत बाबा, निशिकांत पांडेय सहित 11 सदस्यीय पंडा-पुरोहितों द्वारा नमक-चमक पाठ द्वारा रुद्राभिषेक पूजन कराकर श्रृंगार पूजन संपन्न कराया गया।यहां बता दें कि बाबा बासुकीनाथ के भव्य श्रृंगार पूजा से पूर्व मंदिर परिसर में स्थित दशमहाविद्या सहित सभी मंदिरों में पूजन किया गया। इस अवसर पर जय गुरू जय महाकाल भागलपुर आयोजक समिति के मुन्नालाल गुप्ता ने बताया कि बाबा बासुकीनाथ के आशीर्वाद से उनकी मंडली द्वारा यह 18वां पुष्प धार्मिक अनुष्ठान फौजदारी बाबा एवं गुरुदेव को अर्पित किया गया। इस मौके पर भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार देखने के लिए बड़ी संख्या में विभिन्न स्थानों से शिव भक्त मंदिर परिसर में देर रात तक मौजूद रहे।




