बोले: जेएमएम बांग्लादेशी घुसपैठियों का संरक्षक
जरमुंडी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर के पक्ष में असम के सीएम ने मांगा वोट
दुमका ब्यूरो
दुमका/जरमुंडी। भाजपा के फायर ब्रांड नेता हिमंता बिस्वा शर्मा ने शुक्रवार को जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर के समर्थन में सहारा के बिरनी मैदान में एक विराट जनसभा को संबोधित किया। जहां उन्होंने झामुमो महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। अपने भाषण में संथाल परगना में घुसपैठ एवं आदिवासियों की घटती जनसंख्या पर झारखंड मुक्ति मोर्चा महागठबंधन की सरकार को कटघरे में खड़े करते हुए जेएमएम सरकार को घुसपैठियों की सरकार करार दिया। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री होते हुए भी झारखंड में आदिवासियों की जमीन को घुसपैठिए हड़प रहे हैं,आदिवासी छात्रों को मारा पीटा जा रहा है एवं सरकार उन्हें बचाने के बजाय घुसपैठियों का ही साथ दे रही है। 2024 का चुनाव झारखंड की बेटी माटी एवं रोटी की रक्षा के लिए बीजेपी लड़ रही है। झारखंड सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीतिक आरोप लगाया। उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। कहा कि भाजपा के सरकार बनते ही घोषणा पत्र में किये गए सभी वायदों को भाजपा सरकार पूरा करेगी। जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण निषाद ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार जनता के विकास के जगह परिवार के विकास में लगी हुई है एवं पूरा कांग्रेस गठबंधन जनता की जगह परिवार के विकास के लिए ही काम करता है । हेमंत सोरेन सरकार ने जो वादे किए उसे कभी पूरे नहीं किये गए। भाजपा जो वादा करती है उसे जरूर पूरा करती है। मौके पर पूर्व मंत्री हरिनारायण राय ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्तन का माहौल चल रहा है एवं इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर ने कहा कि बीते 10 सालों में जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र का विकास पूरी तरह से ठप हो गया है सरकार के सभी योजनाओं में लूट चल रही है। जनता ने इस बार परिवर्तन का मन बना लिया है।कार्यक्रम को पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, जरमुंडी विधानसभा प्रभारी चुन्नूकांत सहाय,जरमुंडी मंडल अध्यक्ष अनूप सिंहा सहित अन्य ने भी संबोधित किया। इस दौरान
प्रवासी प्रभारी अनुरंजन झा, जिला परिषद सदस्य शेखर सुमन,जरमुंडी विधानसभा के सभी मंडल के भाजपा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन चिरंजीवी यादव ने किया। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।




