बाल दिवस पर डालसा ने चलाया जागरूकता कार्यक्रम
दुमका। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका संजय कुमार चन्द्धरियावी के मार्गदर्शन पर गुरुवार को बाल दिवस के अवसर पर दुमका के जिला स्कूल, रामगढ़ प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिंदुरिया, शिकारीपाड़ा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय धर्मपुर, जरमुंडी प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय, सरैयाहाट उच्च विद्यालय तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच पैरा लीगल वॉलिंटियर्स द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उन्हें बाल- श्रम, शिक्षा का अधिकार, जूविनाइल जस्टिस एक्ट इत्यादि के बारे में विस्तार पूर्वक समझाया एवं कहा कि अनुशासित जिंदगी व्यतीत कर ही आप सफल हो सकते हैं। विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के अंतर्गत बच्चे विधिक सेवाओं के लाभार्थी है। यह अधिनियम विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन करने के लिए अधिनियमित किया गया ताकि कोई भी नागरिक आर्थिक या अन्य अक्षमताओं के कारण न्याय प्राप्ति के अवसर से वंचित न रह सके। उन्होंने नालसा के स्कीम “बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं और उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना-2015” के बारे में भी समझाया। उन्होंने आगे बताया कि आज की सबसे बड़ी समस्या नशा है और नशा एक ऐसी बुराई है जिससे इंसान का अनमोल जीवन समय से पहले समाप्त हो जाता है, नशे से अपराधों में भी वृद्धि होती है इसीलिए नशे से दूर रहें और खुद को जागरूक करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।




