जामा विस सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने किया झामुमो पर तीखा प्रहार, कहा- जामा से उनकी जीत सुनिश्चित
सुरेश मुर्मू ने स्वयं को बताया जामा का बेटा,बोले: जामा की जनता के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहता हूं और भविष्य में भी रहूंगा
इस बार का चुनाव धनतंत्र और जनतंत्र के बीच में एक तरफ पैसों का तंत्र काम कर रहा है और हमलोग जनता के तंत्र से कम कर रहे हैं
बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों से क्षेत्र राज्य एवं देश को बचाने का चुनाव है

दुमका ब्यूरो
दुमका। इस बार का चुनाव थोड़ा विशेष है । यह चुनाव भू माफिया, कोयला माफिया, बालू माफिया और गिट्टी माफिया को संरक्षण देने वालों तथा ग्रामवासी और गरीब किसान कार्यकर्ता के बीच का है। एक तरफ मैं बेचारा गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति जो जामा प्रखंड छोटे से गांव बेलकुपी का रहने वाला हूं। इस बार का चुनाव रांची के बड़े-बड़े घरों में रहने वाले लोग और जामा में रहने वाले कच्ची छत के नीचे रहने वाले के बीच में है। उक्त बातें गुरुवार को महारो स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय में जामा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव माफिया से बचने का चुनाव है। इस बार का चुनाव धनतंत्र और जनतंत्र के बीच में एक तरफ पैसों का तंत्र काम कर रहा है और हमलोग जनता के तंत्र से कम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का यह चुनाव केवल विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने के लिए नहीं है बल्कि यह चुनाव जामा विधानसभा क्षेत्र की जनता के भविष्य को तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके जैसे अति गरीब आर्थिक पृष्ठभूमि वाले कार्यकर्ता पर तीसरी बार विश्वास जताते हुए जामा से प्रत्याशी बनाया है। स्वयं को जामा का बेटा बताते हुए उन्होंने कहा कि वे जामा क्षेत्र की जनता के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते हैं और भविष्य में भी रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अपने जुड़ाव की चर्चा करते उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक होने के कारण उनमें सेवा की भावना संघ के संस्कारों से ही मिली है। उन्होंने कहा कि भय,भूख एवं भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए तथा बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों से क्षेत्र राज्य एवं देश को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधानसभा चुनाव को हिंदू त्योहारों एवं शोभायात्राओं पर पत्थर चलाने वालों को सबक सिखाने तथा अपने समाज की बेटियों को लव जिहाद के चंगुल से बचने का चुनाव बताते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव यहां की सभ्यता, संस्कृति, रोटी, माटी, बेटी की रक्षा तथा मातृशक्ति के सम्मान, भारतीय सेवा के स्वाभिमान, बेरोजगार नौजवान के हक तथा यहां के किसान के भविष्य के चयन का चुनाव है। अपनी विजय के प्रति पूर्ण विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव जामा में सुरेश मुर्मू नहीं लड़ रहा है बल्कि रामगढ़ तथा जामा दोनों ही प्रखंडों के सामान्य भाजपा कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहे हैं। बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने के स्थान पर मौत बांटने वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा तथा कांग्रेस एवं राजद के विनाशकारी गठबंधन वाली सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए यहां की आम जनता स्वयं चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता एवं कार्यकर्ता के उत्साह को देखते हुए उन्हें जामा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विजय में कोई संदेह नहीं है। भाजपा में भीतरघात एवं गुटबाजी के विषय में पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता एवं जनता दोनों मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं तो ऐसे में भितरघात एवं गुटबाजी का प्रश्न ही कहां उठता है।



