देवघर। झारखंड राज्य के देवघर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर प्रखंड के घोरमारा बाजार में एक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस अभियान में एमएलसी बिनोद जायसवाल,एमएलसी अशोक कुमार पांडेय,बिहार महिला राजद की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय सचिव संतोष जयसवाल ने भाग लिया। जनसंपर्क के दौरान नेताओं ने व्यवसायी बंधुओं से मुलाकात की और उनसे इंडिया अलायंस समर्थित राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी सुरेश पासवान को आगामी चुनाव में अपना अमूल्य समर्थन और वोट देने की अपील की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सुरेश पासवान एक जनप्रिय और ईमानदार नेता हैं, जिन्होंने हमेशा क्षेत्र की समृद्धि और विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि अगर श्री पासवान को समर्थन मिलता है, तो वह क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देंगे। नेताओं ने इंडिया अलायंस के विजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गठबंधन सामाजिक न्याय, समानता और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस विजन को साकार करने के लिए सुरेश पासवान को विजयी बनाएं। इस जनसंपर्क अभियान को लेकर स्थानीय व्यवसायियों और आम जनता में उत्साह देखा गया।




