गोड्डा :: बसंतराय प्रखंड के बोदरा पंचायत अंतर्गत देवघरा गांव आज भी विकास से अछूता है। इस गांव के लोग आज भी सिंचाई, पेयजल, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जूझ रहा है। चुनाव के मौसम में ही विधायक व जनप्रतिनिधि गांव आकर वोट की मांग करते हैं। इसलिए इस बार उसी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे जो क्षेत्र में विकास करने का भरोसा दिलाएगा।
क्या कहते हैं ग्रामीण :: युवा समाजसेवी जगदीश मिश्र, विजय सिंह, रामेश्वर रविदास, परमेश्वर मिश्र आदि का कहना है कि जिला गठन के बाद भी देवघरा गांव तक विकास की किरणें नहीं पहुंच पाई है। यहां के किसानों को सिंचाई की सुविधा आजतक मुहैया नहीं कराई जा सकी है। हालात यह है कि प्रतिवर्ष सिंचाई के अभाव में फसलें सूख जाती हैं। अगर कोई बीमार हो जाता है तो इलाज के लिए यहां से 20 किमी दूर गोड्डा ले जाना पड़ता है। इस क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा तक की सरकारी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। बिजली की भी बेहतर व्यवस्था नहीं है। प्राथमिक विद्यालय तो है लेकिन वहां भी भगवान भरोसे शिक्षा मुहैया कराई जाती है। अच्छी सड़क नहीं होने के कारण अनेक प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस बार उसी को अपना बहुमूल्य मत देंगे जिस प्रत्याशी पर विकास कराने के प्रति भरोसा होगा।



