शिकारीपाड़ा । शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार आलोक सोरेन को बड़े अंतर से विजयी बनाने को लेकर मंगलवार को शिकारीपाड़ा कॉलेज मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से एक दिवसीय बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन प्रखंड अध्यक्ष चुंडा हेंब्रम की अध्यक्षता में किया गया| जिसमें पार्टी उम्मीदवार आलोक सोरेन के साथ उनके पिता व दुमका के सांसद नलिन सोरेन एवं माता व जिला परिषद अध्यक्ष जोयस बेसरा ने उपस्थित होकर अपने पुत्र को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने का मंत्र सिखाया। सम्मेलन में प्रखंड के 112 मतदान केंद्रों के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए आलोक सोरेन ने कहा कि किसी भी पार्टी या उम्मीदवार को विजयी बनाने में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का काफी योगदान होता है| इसी कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने बैठक में यह निर्देश दिया था कि प्रत्येक बूथ पर 25 महिला एवं 25 पुरुष कार्यकर्ताओं को तैनात किया जाए ताकि कोई दूसरी पार्टी बूथ पर कब्जा नहीं कर पाए और वहां पर अपने पक्ष में मतदाताओं को दिग्भ्रमित नहीं करें। कहा कि कार्यकर्ता मॉक पोल से पहले मतदान केंद्र पर पहुंचे तथा अपने सामने ईवीएम को सील कराएं| इसके साथ ही मतदान की समाप्ति पर पुनः अपनी मौजूदगी में सील कराएं एवं पीठासीन पदाधिकारी से फार्म 17 भरवा कर अवश्य ले लें।
अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा से दुमका सांसद नलिन सोरेन ने शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार व अपने पुत्र आलोक सोरेन को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं को यह मंत्र दिया कि 18 एवं 19 नवंबर को प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्र में ही रहे तथा भाजपा के बाहरी लोगों को यहां की भोली भाली जनता को बरगलाने का समय नहीं दे| ईवीएम मशीन को अपने सामने सील करवाएं क्योंकि भाजपा वाले मशीन के माध्यम से ही बड़ा खेल करते हैं। पिता के साथ-साथ पार्टी उम्मीदवार आलोक सोरेन की माता जोयस बेसरा ने भी कार्यकर्ताओं से अपने पुत्र को विजयी बनाने की अपील की। शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले तीन प्रखंड शिकारीपाड़ा, काठीकुंड एवं रानीश्वर प्रखंड हैं। इस विधानसभा सीट पर सीधे तौर पर भाजपा एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच मुकाबला है। झारखंड मुक्ति मोर्चा शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट पर लगातार 35 वर्षों से अपना गढ़ बना के रखे हैं| अब देखना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा अपनी गढ़ बचा पाती है या भाजपा पहली बार जीत हासिल कर पाती है। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जॉन सोरेन के साथ जिला प्रवक्ता अब्दुल सलाम अंसारी, जिला परिषद सदस्य प्रकाश हांसदा, शिकारीपाड़ा प्रखंड प्रमुख हुडू मरांडी, प्रखंड उपाध्यक्ष लाल मोहम्मद उर्फ लालू, प्रखंड सचिव प्रभुनाथ हांसदा, कोषाध्यक्ष कलीमुद्दीन अंसारी सहित काफी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।



