नई दिल्ली । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम पर जीएसटी बढ़ाए जाने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि हर आपदा से पहले टैक्स का अवसर तलाशना भाजपा सरकार की असंवेदनशील सोच का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और जीवन बीमा को जीएसटी मुक्त करना ही होगा। हेल्थ इंश्योरेंस से जीएसटी वापस लेने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने केंद्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस, टीएमसी, आम आदमी पार्टी (आप) सहित कई दल शामिल हुए। इस दौरान विपक्षी दलों के सांसदों ने हाथ में तख्ती लेकर हेल्थ इंश्योरेंस से जीएसटी वापस लो के नारे भी लगाए। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, जीवन में आने वाले स्वास्थ्य संकट में किसी के आगे झुकना ना पड़े, इसलिए पाई-पाई जोड़ कर हर साल हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम भरने वाले करोड़ों लोगों से भी मोदी सरकार ने 24 हज़ार करोड़ रुपये वसूल लिए।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


