गोड्डा : पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी प्रदीप यादव द्वारा रविवार को अपने स्थानीय आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोड्डा दौरे को लेकर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी अदानी पावर प्लांट देखने के लिए आ रहे हैं उनके दिल में गोड्डा के लिए जगह नहीं है। एक ओर प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी काफी उत्साहित है। भाजपा की ओर से कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार गोड्डा आ रहे हैं। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री के दौरे को गर्व का विषय बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी प्रदीप यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री अपने मित्र गौतम अडानी का पावर प्लांट देखने के लिए गोड्डा आ रहे हैं। इसीलिए सिकटिया में प्रधानमंत्री का चुनावी कार्यक्रम तय किया गया है जो पावर प्लांट से काफी नजदीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के चुनावी सभा को लेकर भाजपा द्वारा अनेक स्थलों की चर्चा की जाती रही, लेकिन अंतिम में सिकटिया तय किया गया। इससे स्पष्ट रूप से यही जाहिर होता है कि प्रधानमंत्री अपने मित्र का पावर प्लांट देखने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अदानी पावर प्लांट के उद्घाटन में प्रधानमंत्री के आने की चर्चा थी। लेकिन उद्घाटन में वे नहीं आए। इसलिए बाद में चुनावी दौरे के नाम पर वह अपने मित्र के पावर प्लांट को नजदीक से देखने आ रहे हैं। यादव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के दौरे के बावजूद भाजपा की चुनावी सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देने का जनता ने मूड बना लिया है।



