महागामा में महिला मतदाताओं की पहली पसंद बनती जा रही हैं कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका
कहा – जिसने दिया है पेंशन का सम्मान, उसे ही देंगे वोट
गोड्डा : महागामा विधानसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह एवं एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार के बीच सीधा मुकाबला दिख रहा है। हालांकि क्षेत्र में 10 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं, लेकिन मतदान तिथि के नजदीक आने के साथ हीं मुकाबला कांग्रेस एवं भाजपा के बीच सिमटता बढ़ता जा रहा है। विकास के रथ पर सवार होकर दूसरी बार लगातार इस क्षेत्र से विजय दर्ज करने के लिए चुनावी दंगल में उतरी कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह क्षेत्र की इकलौती महिलाओं उम्मीदवार होने के नाते महिलाओं की प्राथमिकता सूची में स्वाभाविक रूप से हैं हीं, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना के कारण महिला मतदाताओं के बीच उनकी पैठ और गहरी प्रतीत हो रही है। मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना के लाभुक मतदाताओं से बात करने पर प्रतीत होता है कि इस योजना के लाभुकों के बीच झारखंड की गठबंधन सरकार की स्वीकार्यता बढ़ी है, जिससे चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को लाभ मिलने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
ठाकुरगंगटी प्रखंड के खंधार गांव की रीना देवी ने मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना की प्रशंसा की करते हुए कहा कि इस योजना का लाभुक बनने के बाद उन्हें काफी लाभ हुआ है। हर महीने मिलने वाली 1000 रुपये से परिवार की छोटी-मोटी जरूरत की पूर्ति हो जाती है। पहले उन्हें बहुत आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार के मुखिया और महागामा की विधायक सह मंत्री दीपिका पांडेय को साधुवाद देते कहा कि जिसने पेंशन का सम्मान दिया है, उसे ही वोट देंगी। उन्होंने कहा कि दीपिका पांडेय सिंह इस क्षेत्र की लोकप्रिय नेत्री हैं और हम महिलाओं की पहली पसंद हैं।
ठाकुर गंगटी प्रखंड के भगैया की फूलो देवी कहती हैं कि महागठबंधन की सरकार ने पहली बार महिलाओं के हित में फैसला लेकर मईंया सम्मान योजना चालू की है। मुझे अब तक तीन हजार रुपये मिल चुका है। फिर से सरकार बनने पर दिसंबर माह से एक हजार से बढाकर 2500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा सरकार कर चुकी है। इस योजना का लाभ मिलने से महिलाएं अपनी हर छोटी-मोटी जरूरत का कार्य इसी पैसे से पूरी कर लेंगीं। इसलिए वे चाहती हैं कि वर्तमान सरकार फिर से सत्ता में आए। इसके लिए उनका वोट दीपिका पांडेय सिंह को मिलेगा। वैसे भी दीपिका पांडेय सिंह ने इस क्षेत्र के विकास के लिए काफी काम किया है।
वहीं ठाकुरगंगटी प्रखंड के ककरघट गांव निवासी संध्या देवी कहती हैं कि महागामा विधानसभा के सूदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहती हूं। झारखंड में पहली बार ऐसी योजना आई है, जो की 50 वर्ष से कम उम्र की भी महिलाओं को मईंया सम्मान योजना से जोड़कर लाभ दिया जा रहा है। प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलने से घर की कई ज़रूरी सामग्री उक्त पैसे से खरीदती हूं और जरुरी कार्यो को पूरा करती हूं। जिस सरकार ने इस योजना का लाभ दिया है, उनके परिवार का वोट उसी सरकार के प्रत्याशी को मिलेगा।
ककरघट की ही एक छात्रा फूलबीटी सोरेन कहती हैं कि मैं इंटर की छात्रा हूं और परिवार से बेहद गरीब हूं। झारखंड सरकार की मईंया सम्मान योजना का तीसरा किस्त का लाभ मुझे मिल चुका है। पैसा मिलने से वे बहुत खुश हैं। महिलाओं के लिए यह बहुत सुन्दर योजना है। पैसे का खर्च पढाई के साथ-साथ जरुरी कार्यो में खर्च करती हूं। इसके लिए मुख्यमंत्री के साथ-साथ स्थानीय विधायक को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं।
लेकिन ककरघट गांव की ही वीणा देवी कहती हैं कि सरकार मईंया सम्मान योजना का लाभ तो सभी महिलाओं को दे रही। लेकिन मुझे फॉर्म भरने के बावजूद उक्त योजना का लाभ अब तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यह योजना तो सिर्फ चुनावी मुद्दा है। अगर इस तरह की योजना से ही जोड़ना था तो 2019 इस्वी में सरकार बनते ही योजना का लाभ महिलाओं को देना चाहिए था। उनका कहना है कि सिर्फ महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए यह योजना लाया गया है।



