सांसद के साथ वरीय नेताओं ने सिकटिया मैदान का किया निरीक्षण
गोड्डा : विधानसभा चुनाव को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोड्डा आगमन को लेकर भाजपा द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा सांसद निशिकांत दुबे आज झारखंड के भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई और प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय के साथ प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर बैठक की। इस दौरान सांसद डॉ० निशिकांत दुबे ने 13 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यक्रम के रूपरेखा पर उपरोक्त नेताओं से बातचीत की। बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार गोड्डा आयेंगे और एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी को लेकर सांसद निशिकांत दुबे ने भाजपा प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ मुख्यालय से सटे सिकटिया मैदान का भी निरीक्षण किया जहां प्रधानमंत्री की सभा में लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए कई आवश्यक निर्णय भी लिए गए। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा झारखंड के कई जिलों में प्रस्तावित है जिसमें गोड्डा जिला का भी नाम शामिल है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान गोड्डा में एक चुनावी सभा को भी संबोधित करेंगे जहां बड़ी संख्या में लोगों की जूटने की संभावना है। फिलहाल प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की सूचना पर जिले भर के लोगों में भारी उत्साह है। वहीं भाजपा खेमे में भी प्रधानमंत्री के गोड्डा आगमन को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि कृष्ण कन्हैया, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश झा, शिवेश वर्मा, शेषाद्री दुबे, शिवेंद्र सिंह के अलावा अन्य कार्यकर्तागण मौजूद थे।



