संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग युवती को बीते तीन नवंबर को आश्रम विद्यालय के समीप से जबरन अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म करने के एक आरोपी सोनू तुरी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पीड़िता की माँ के लिखित बयान पर थाना में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं एवं पोक्सो एक्ट के तहत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ उसकी नाबालिग बेटी को अगवा करने को लेकर कांड संख्या 63/24 दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही थी। मामले की जांच के दौरान इस कांड में पुलिस को सोनू तुरी के इस कांड में शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद से ही पुलिस सोनू तुरी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। वहीं पुलिस को रविवार को गुप्त सूचना मिली कि सोनू को अमड़ापाड़ा थान क्षेत्र के रसिकटोला में देखा गया है। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के नेतृत्व में छापेमारी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार के बाद सोनू से पूछताछ की जा रही है। खबर भेजे जाने तक उसे न्यायिक हिरासत में नहीं भेजा गया था।
क्या था मामला :- बीते तीन नवंबर को थाना क्षेत्र की एक नाबालिग युवती के लापता हो जाने को लेकर थाना में पीड़िता की मां ने सोनू तुरी सहित तीन-चार अज्ञात के विरुद्ध उसकी बेटी को अगवा करने का मामला दर्ज कराया था। जिसमें पीड़िता की मां ने बताया था उसकी पुत्री रविवार की शाम करीब चार बजे घर से बाजार दूध देने अपनी छोटी बहन के साथ गयी थी। वहीं बाजार से घर वापस आने के दौरान पहाड़ पर बने आश्रम विद्यालय के पास मेरी बेटी को करीब तीन से चार युवक जबरन पकड़ कर कहीं लेकर चले गए। मेरी छोटी बेटी किसी तरह से बचकर घर आई और घटना की जानकारी दी। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी थी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने खोजबीन कर 24 घंटे के अंदर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था। वहीं सोनू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही था। अंततः पुलिस को सफलता मिली। अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



