गोड्डा : बरेली उत्तर प्रदेश में आयोजित 68वीं एसजीएफआई वॉलीबॉल प्रतियोगिता स्पर्धा के अंडर 17 बालक और बालिका वर्ग में झारखंड राज्य एवं गोड्डा जिले के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। वहीं अंडर 17 बालक वर्ग को पहले मैच में राजस्थान से जहां हार का सामना करना पड़ा तो वही उन्होंने दूसरे और तीसरे मैच में पुडुचेरी और लक्ष्यद्वीप को हराकर पदक की दौर में अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। तो वही दूसरी ओर बालिकाओं ने अपने पहले मैच में जहां आंध्र प्रदेश को हराया वहीं दूसरे मैच में बिहार को हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया तो वहीं प्री क्वार्टर फाइनल मैच में उन्होंने दिल्ली की मजबूत बालिका वर्ग की टीम को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम के साथ कोच व मैनेजर के रूप में गए अमित कुमार, अंकित सिंह, देवाशीष झा और सुहागिनी मरांडी ने बताया कि खिलाड़ियों का हौसला काफी बुलंद है और खिलाड़ी अपना सौ प्रतिशत मैदान में दे रहे है, जिससे अच्छे परिणाम आ रहे है। गौरतलब हो कि झारखंड अंडर 17 बालिका वर्ग में गोड्डा जिले की 8 बच्चियों का चयन हो रखा है। इन बच्चियों ने अपने खेल से न सिर्फ गोड्डा बल्कि पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है।



