गोड्डा : पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अफसर फातमी ने राज्य में गठबंधन की सातों सीटों पर जीत का दावा करते हुए कहा कि झारखंड सरकार के द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता में खुशी है। फल स्वरूप राज्य में सातों सीट पर लड़ रहे प्रत्याशियों को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की चतरा, बिश्रामपुर, कोडरमा, देवघर सहित गठबंधन के तहत सभी सातों विधानसभा क्षेत्र के लोगों में गठबंधन के लिए हमदर्दी है। उन्होंने गोड्डा विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव के जीत का दावा करते हुए कहा कि गोड्डा में भाजपा से लोगों का मोहभंग हो गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेलापन का व्यवहार कर रही है तथा बकाया राशि नहीं दिए जाने के कारण राज्य में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं बावजूद जनता में हमदर्दी है। श्री फातमी ने कहा कि झारखंड सरकार ने जनहित में कल्याणकारी योजनाओं को चलाकर एक अच्छा मिसाल पेश किया है बल्कि देश में झारखंड एक ऐसी रियासत है जो जनता को इतना अच्छा पैगाम दे रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को जिस तरह फर्जी मामला बनाकर जेल भेजा गया उसी का परिणाम है कि आज हेमंत सोरेन की वापसी तय है। स्टार प्रचारक के रूप में गठबंधन के तहत सातों सीट का दौरा कर गोड्डा पहुंचे श्री फातमी ने प्रधानमंत्री मोदी के गोड्डा आगमन पर चर्चा करते हुए कहा कि उनके आने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। कहा कि भाजपा हर कीमत पर हुकूमत करना चाहती है। इस मौके पर अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरार उल हसन आलम एवं राजद महासचिव जाहिद इकबाल के अलावा अन्य नेतागण शामिल थे।



