जामताड़ा : शनिवार को भाजपा जामताड़ा जिला के गोराईंनाला मंडल में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस चुनावी कार्यालय का भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन की कनिष्ठ पुत्री विजयश्री सोरेन ने फिता काटकर उद्घाटन किया। मंडल प्रभारी कमलेश मंडल और मंडल अध्यक्ष सुखेन्द्र टुडू के नेतृत्व में इस कार्यालय का उद्घाटन किया गया जहां सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित हुए। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विजयश्री ने कहा कि अभी वक्त है कि हम यहां बदलाव ला सकते हैं। हमें एकजुट होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना है। हमारे ऊर्जावान कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी हैं और हम देख रहे हैं कि सभी कार्यकर्ता बहुत ही निष्ठा से क्षेत्र में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं यह काफी हर्ष की बात है। विजयश्री ने कहा कि अब कुछ दिन ही शेष बचे हैं और इन्हीं कम दिनों में हमें अपनी पूरी ताकत लगानी है। हमारे इस छोटे से समय में किए गए मेहनत का परिणाम हमें 5 साल तक सुखद अहसास देगा और अपने क्षेत्र के विकास के लिए हमें किसी की ओर मुंह ताकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कार्यालय उद्घाटन के उपरांत विजयश्री स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ पूरे गोराईंनाला मोड में सभी दुकानों में जाकर लोगों से मतदान की अपील की और जनसंपर्क अभियान चलाया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर सीमंतो महतो, अमर मंडल, अभिजीत सेन, तारकेश्वर सिंह, राजू दत्ता, सिमांतो मुर्मू, मानिक राय, आनंद दत्ता, गौतम मंडल, रविन्द्र पांडेय, छोटू राय आदि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



