-
बरहेट से चुनाव लड़ रहे हैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,नाला से स्पीकर रवींद्रनाथ महतो हैं प्रत्याशी
-
दुमका सीट पर बसंत सोरेन और सुनील सोरेन में है कांटे की टक्कर
-
जामताड़ा में ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को सीता सोरेन दे रही चुनौती
-
मधुपुर और महागामा सीटों पर हेमंत सरकार के दो मंत्रियों की प्रतिष्ठा फंसी है
सुमन सिंह
दुमका । त्योहारों की समाप्ति के साथ ही विधान सभा चुनाव का प्रचार अभियान तेज हो गया है।संताल परगना के सभी 18 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान है।संताल परगना में कई हॉट सीटें हैं जिन पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।इनमें सबसे प्रमुख बरहेट सीट है जहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार तीसरी बार बरहेट से चुनाव मैदान में हैं।पिछला दोनों चुनाव हेमंत सोरेन अच्छे मार्जिन से जीतते रहे हैं।
2014 और 2019 दोनों चुनावों में हेमंत सोरेन बरहेट के साथ दुमका से भी चुनाव लड़े थे पर इस चुनाव में हेमंत बरहेट से अपनी जीत के प्रति इतने आश्वस्त हैं कि वे पिछले दोनों चुनावों से इतर इस बार सिर्फ बरहेट से चुनाव लड़ रहे हैं।भाजपा ने मुख्यमंत्री के विरुद्ध चुनाव मैदान में गमालियल हेम्ब्रम को उतारा है।मुख्यमंत्री की सीट होने की वजह से पूरे राज्य की नजर इस सीट पर है।
बरहेट के बाद संताल परगना की दूसरी सबसे हॉट सीट दुमका है जहां से मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन झामुमो के सिटिंग विधायक हैं।वे 2020 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ.लुईस मरांडी को हरा कर विधायक बने थे। चम्पाई सोरेन सरकार में बसंत सोरेन मंत्री भी रहे।बसंत सोरेन को चुनौती देने के लिए भाजपा ने दुमका सीट से पूर्व सांसद सुनील सोरेन को उतारा है।इस सीट पर झामुमो और भाजपा के बीच सीधी भिड़ंत होती रही है।इस चुनाव में भी बसंत सोरेन(झामुमो) और सुनील सोरेन(भाजपा) के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है।
बता दें कि भाजपा के टिकट पर दुमका सीट से 2019 में हेमंत सोरेन और 2020 के उपचुनाव में बसंत सोरेन से पराजित हो चुकी डॉ.लुईस मरांडी को भाजपा ने इस चुनाव में टिकट नहीं दिया और पूर्व सांसद सुनील सोरेन पर भरोसा किया।भाजपा टिकट से वंचित होने के बाद डॉ लुईस मरांडी पाला बदल कर झामुमो में शामिल हो गईं और बगल की सीट जामा से झामुमो के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं।
संताल परगना की तीसरी हॉट सीट नाला है जहां से झामुमो से स्पीकर रवींद्रनाथ महतो चुनाव लड़ रहे है।इस सीट से भाजपा ने माधव चन्द्र महतो को मैदान में उतारा है।नाला सीट पर भी चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।
संताल परगना की चौथी हॉट सीट जामताड़ा है।जामताड़ा में ग्रामीण विकास मंत्री कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. इरफान अंसारी की प्रतिष्ठा दांव पर है।डॉ इरफान को सोरेन परिवार की बड़ी बहू भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन की चुनौती मिल रही है।सीता सोरेन पर डॉ इरफान अंसारी द्वारा दिया गया एक विवादित बयान अब भाजपा का चुनावी मुद्दा बन चुका है।सीता सोरेन इस मामले को आदिवासी अस्मिता और महिला का अपमान बताते हुए जनता के बीच पहुंच रही हैं।
इन चार सीटों के अलावा मधुपुर और महागामा भी संताल परगना की हॉट सीट मानी जा रही है।इन दोनों सीटों पर हेमंत सरकार के मंत्रियों- हफीजुल अंसारी (मधुपुर) और दीपिका पांडेय सिंह(महागामा) की प्रतिष्ठा फंसी हुई है।मधुपुर में झामुमो प्रत्याशी हफीजुल अंसारी को भाजपा के गंगा नारायण सिंह और महागामा में कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह को भाजपा के ही अशोक भगत से कड़ी चुनौती मिल रही है।


