महगामा प्रतिनिधि गोड्डा/ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को संपन्न हो गया। व्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया को नमन किया। सुबह-सुबह भगवान भास्कर के उषा किरण का सभी ने पूरी श्रद्धा से आराधना की। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे का महापर्व संपन्न हो गया। महागमा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बसवा पोखर, लक्ष्मण बांध, मछुआरा पोखर, गंगा सागर पोखर, बलिया पोखर, अनुमंडल पोखर, दुर्गा मंदिर पोखर, विसर्जन पोखर सहित अन्य पोखर में छठ पूजा की गयी। 36 घंटे का निर्जला उपवास संपन्न हुआ। वहीं बसवा पोखर समीप समाजसेवी संतोष ठाकुर के द्वारा भगवान भास्कर का प्रतिमा को स्थापित किया गया था। शुक्रवार को सुबह विसर्जन पूजा अर्चना करने के बाद बसवा पोखर में भगवान भास्कर के प्रतिमा विर्सजन किया गया। महापर्व के दौरान सभी जगह-जगह आस्था का सैलाब देखने को मिला। नदी और तालाबों में छठ व्रतियों के श्रद्धा का विहंगम दृश्य देखने को मिला। शुक्रवार को उगते सूरर्य को अर्घ्य देने के बाद छठ व्रतियों ने पूरे विधि विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद व्रत का पारण किया. व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास खत्म हुआ।आस्था का महापर्व छठ पूजा संपन्न सुख-समृद्धि की कामना कीः बिहार समेत देश के अन्य राज्यों में भी छठ पूजा मनाया जाता है। छठ घाटों पर भारी तादाद में व्रतियों ने पानी में उतरकर छठी मैया की आराधना की। यह व्रत छठी मैया और भगवान भास्कर को समर्पित होता है। मान्यता है कि छठी मैया की पूजा से घर में सुख, समृद्धि और वंश की वृद्धि होती है।




