संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बाबुधन मुर्मू ने बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी ने पचुवाड़ा, आलूबेड़ा, सलपतरा, जामकनाली, बथान टोला, होडगोर टोला, जामुगड़िया, पहाड़पुर, पचईबेड़ा, अम्बाडीहा, कोलखीपाड़ा और बासमती गांव के लोगों से मिले और आगामी 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में भारी से भारी संख्या में अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। सबसे पहले क्षेत्र के पचुवाड़ा गांव पहुँचने पर कार्यकर्ताओं ने बाबुधन मुर्मू का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं गांव के लोगों ने गांव में व्याप्त समस्याओं को रखा। जिसमें सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित शुद्ध पेयजल प्रमुख रूप से शामिल रही। वहीं ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबुधन मुर्मू ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है कि राज्य अलग होने के 24 साल बाद और देश की आजादी के 77 वर्ष बीत जाने के बाद भी लिट्टीपाड़ा विधानसभा की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इसका एकमात्र कारण यह है कि यहां लगभग 40 वर्षों से अधिक समय से झामुमो के उम्मीदवार जीतते आए हैं लेकिन आज तक किसी विधायक ने इस क्षेत्र का विकास नहीं किया। सब अपनी झोली भरने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा ने मुझे यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। आप सभी से विनती है कि आने वाले 20 नवंबर को मतदान केंद्र में जाकर कमल फूल का बटन दबाएं और भारी मतों से मुझे जीत का आशीर्वाद दें ताकि मैं राज्य में लिट्टीपाड़ा विधानसभा की आवाज बन सकूं और यहां का चौतरफा विकास हो सके। बताया कि राज्य की माताओं-बहनों को रिझाने के लिए हेमंत सरकार के द्वारा मैया सम्मान योजना की शुरुआत की गई है। यह सिर्फ चुनावी मुद्दा है जो चुनाव के साथ ही खत्म हो जाएगा। कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो सभी माताओं-बहनों को गोगो-दीदी योजना के तहत 2100 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ही उपप्रमुख शिवलाल देहरी ने घर वापसी करते हुए भाजपा का दामन थामा। भाजपा प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू ने पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष आशीष हेम्ब्रम, प्रदीप राय, रंजन मरांडी, प्रेम तुरी, ताला मरांडी, आजसू प्रखंड अध्यक्ष विजय प्रकाश देहरी सहित सैकड़ो की संख्या में महिला व पुरुष मौजूद थे।



