मधुपुर:-“झारखंड में न तो गुजरात का कानून चलेगा और न ही असम का!” ये बातें झारखंड सरकार के मंत्री और इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी हफीजुल हसन ने एक बातचीत में पत्रकार अरशद मधुपुरी और मो. अमजद हुसैन से कही। हसन ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी झारखंड में अपनी साख खो चुकी है। यही कारण है कि अब गुजरात और असम के नेता यहां आकर अपने कानून थोपने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन झारखंड की जनता ऐसा हरगिज़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंडी अपने वोट की चोट से इन बाहरी नेताओं को जवाब देंगे। हसन ने सवाल उठाते हुए कहा, “ये गुजराती और आसामी नेता कभी झारखंड के नौजवानों और उनके हित की बात नहीं करते। वे यहां आकर सिर्फ जाति और मजहब की राजनीति करते हैं। झारखंड के विकास की चिंता सिर्फ झारखंडियों को ही हो सकती है, और इंडिया गठबंधन के नेता ही झारखंड की तरक्की को लेकर सच्चे दिल से प्रयासरत हैं।” उन्होंने भाजपा की पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा ने अपने 18 साल के शासन में झारखंड को तबाह कर दिया और यहां की दौलत को दिल्ली में बैठे अपने आकाओं की जेब में पहुंचा दिया। झारखंड के युवा बेरोजगारी की मार झेलते रहे और रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में भटकते रहे। अब, जब झारखंड की सत्ता उनके हाथ से फिसल गई है, तो उन्हें झारखंड की फिक्र सताने लगी है क्योंकि अब यहां से लूट का माल दिल्ली नहीं जा रहा।” हसन ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी हर चुनाव में नए-नए झूठ और मजहबी जुनून के मुद्दों को उठाकर युवाओं को भड़काने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा, “अभी इन्हें बांग्लादेशी घुसपैठिए नजर आ रहे हैं।भाजपा बताएं कि झारखंड में बांग्लादेश की सीमा कहां है? असम और बंगाल से सीमा लगी है, लेकिन भाजपा के असम के नेता आकर झारखंड की जनता को झूठे मुद्दों से भटका रहे हैं।” उन्होंने कहा, “अगर बांग्लादेशी घुसपैठ की समस्या है, तो केंद्र में भाजपा की सरकार है और गृह मंत्रालय उनके पास है, फिर कार्रवाई क्यों नहीं करते? सिर्फ झारखंड सरकार को बदनाम करना भाजपा की फितरत बन गई है, लेकिन जनता अब उनकी हर चाल को समझ चुकी है।” हसन ने भरोसा जताया कि झारखंड की तरक्की झारखंडी नेताओं के हाथों में ही है, और सिर्फ हेमंत सोरेन ही राज्य को आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड में विकास की दिशा दिखाई है, और यहां की जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। आने वाले चुनावी नतीजे इस बात को साबित करेंगे।”




