सरेआम अधेड़ पर गोलियों की बौछार से फिर दहला ललमटिया
ललमटिया संवाददाता ( गोड्डा) करीब एक दशक शांत रहने के बाद एक बार फिर से ललमटिया गोलीबारी की घटना से दहल उठा है। मंगलवार की शाम सिद्धों कान्हु चौक पर अवस्थित त्रिवेणी होटल के सामने डकैता निवासी जॉन किस्कू पर अज्ञात हमलावरों ने करीब चार राउंड फायरिंग किया जिसमें वो बुरी तरह घायल हुआ है। आनन फानन मे उसे महागामा ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल गोड्डा भेज दिया गया। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक़ करीब 6:00 बजे जोहन किस्कू अपनी पत्नी के साथ ललमटिया साप्ताहिक हाट करके वापस बेजम स्थान स्थित अपने आवास लौट रहा था। तभी किसी ने उसे फोन किया और वह त्रिवेणी होटल के सामने रुककर बात करने लगा । इसी बीच सफेद बाइक पर दो नकाबपोश हमलावर आए और जोहन पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार राउंड फायरिंग के बाद हमलावर पीरपैंती की ओर भाग निकले। गोलियों की आवाज सुनकर और जोहन को गिरे देख स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना स्थल से पुलिस को 3 खोखा मिला है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। प्रारंभिक छानबीन से ज्ञात होता है कि ये घटना पुरानी रंजिश का ही परिणाम है। इससे पहले जोहन के बड़े भाई क्लस्टिंग की हत्या साहिबगंज में हो चुकी है और छोटा भाई क्लाउड जो लंबे समय से कई संगीन मामलों मे फरार है। हालांकि जोहन वर्तमान मे सामान्य जीवन गुजार रहा था और डकैता के पैतृक घर को छोड़ बेजम स्थान के निकट नया मकान बनाकर रह रहा था।



