मधुपुर । झील तालाब में इस बार छठ पूजा की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। छठ पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल कन्नू ने बताया कि इस वर्ष झील तालाब को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा। परिसर में भव्य पंडाल बन रहा है, जहाँ सूर्य भगवान की प्रतिमा स्थापित कर पूजा होगी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी होगा। श्रद्धालुओं की सहूलियत को देखते हुए भगत सिंह चौक से लेकर झील तालाब तक लाइट्स की व्यवस्था की जाएगी और पूरी सफाई सुनिश्चित की जा रही है। नगर परिषद की ओर से सफाई अभियान तेज़ी से चल रहा है और सड़क के गड्ढों को भी ठीक किया जा रहा है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। इस बार, स्थानीय विधायक एवं मंत्री हफीजुल हसन के प्रयासों से झील तालाब में नाली का गंदा पानी नहीं जाएगा। तालाब के किनारे नया नाला बना दिया गया है,जिससे गंदा पानी तालाब में जाने से रुक गया है। स्थानीय लोगों ने इस काम की सराहना की है, उन्होंने कहा कि यह वर्षों पुरानी परेशानी थी जिसे अब हल कर दिया गया है। समिति के संरक्षक संतोष शरण, सचिव सोनू गुप्ता, दीपू डालमिया, सरवन मोदी, अमर डालमिया, बिट्टू बथवाल, अभिषेक जलान, रवी लक्ष्मीरामका, निरंजन राय, नरेश पुजारी सहित कई सदस्य इस तैयारी में जी-जान से लगे हुए हैं।




