जनता मेरे पुत्र आलोक को दे रही है अपना आशीर्वाद: नलिन सोरेन
सांसद पिता नलिन सोरेन संग पुत्र झामुमो प्रत्याशी आलोक सोरेन ने जामूगढ़िया में किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
शिकारीपाड़ा: विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट से झामुमो उम्मीदवार आलोक सोरेन ने शनिवार को दुमका रामपुरहाट राष्ट्रीय उच्च पथ से सटे जामूगढ़िया मौजा में पार्टी का विधानसभा स्तरीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन अपने सांसद पिता नलिन सोरेन के साथ किया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी आलोक सोरेन जो शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं ने कहा कि चुनाव उम्मीदवार नहीं बल्कि कार्यकर्ता लड़ते हैं| भाजपा प्रत्याशी परितोष सोरेन को हमारे कार्यकर्ता पूर्व में तीन बार हरा चुके हैं वे चौथी बार भी हारने के लिए तैयार रहें| मैं माटी से जुड़ा हुआ हूं मुझे मतदाताओं से यह पूरी उम्मीद है कि जिस प्रकार मेरे पिता नलिन सोरेन को लगातार जिताते आए हैं इस बार मुझे आशीर्वाद देंगे और मैं रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करुंगा| उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी मुझे आशीर्वाद प्राप्त है।
मौके पर शिकारीपाड़ा विधानसभा से सात बार से लगातार विधायक रहे वर्तमान सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि मुझे शिकारीपाड़ा विधानसभा की जनता से हमेशा आशीर्वाद मिला है| अब बारी है मेरे पुत्र को आशीर्वाद देने की| मुझे पूर्ण विश्वास है कि यहां की जनता भारी मतों से मेरे पुत्र आलोक सोरेन को विजय दिलाएगी| भाजपा के परितोष सोरेन लगातार हारते आए हैं और इस बार भी हारेंगे। अवसर पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष चुंडा हेंब्रम, सचिव प्रभुनाथ हांसदा, जिला परिषद सदस्य प्रकाश हांसदा, प्रखंड कोषाध्यक्ष कलीमुद्दीन अंसारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लाल मोहम्मद उर्फ लालू, प्रोफेसर गुलाम रसूल, तमिज़ुद्दीन अंसारी, राजेश कुमार सिंह उर्फ संटु सहित सभी पंचायत के अध्यक्ष एवं सचिव मौजूद थे। बताते चलें कि शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट पर लगातार सात बार से झामुमो के वरिष्ठ नेता नलिन सोरेन विधायक रहे हैं| इस वर्ष सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में वे दुमका लोकसभा के सांसद चुने गए हैं उसके बाद से यह सीट खाली है| इस बार शिकारीपाड़ा से नलिन सोरेन के पुत्र आलोक सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा की टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी परितोष सोरेन से होना तय माना जा रहा है। दोनों ही अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं| इस सीट के लिए दूसरे चरण में 20 नवम्बर को मतदान होना है और मतगणना 23 नवंबर को होगी उसके बाद ही तय होगा कि इस क्षेत्र की जनता ने किसे आशीर्वाद दिया।




