देवघर। दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर स्पेशल ट्रेनें चलाने से यात्रियों को काफी लाभ मिलता है। ये स्पेशल ट्रेनें बढ़ती यात्रा की मांग को पूरा करती हैं, जो त्योहार मनाने के लिए परिवार जनों के साथ एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक और कुशल परिवहन का विकल्प प्रदान करती हैं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने काचीगुडा और दरभंगा जंक्शन के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
07691/07692 काचीगुडा – दरभंगा- काचीगुडा का परिचालन07691 काचीगुडा-दरभंगा स्पेशल 03.11.2024 और 10.11.2024 को प्रत्येक रविवार को 22:00 बजे काचीगुडा से खुलेगी और अपनी यात्रा के तीसरे दिन 13:40 बजे दरभंगा पहुंचेगी तथा 07692 दरभंगा-काचीगुडा स्पेशल 05.11.2024 और 12.11.2024 को प्रत्येक मंगलवार को 15:15 बजे दरभंगा से खुलेगी और अपनी यात्रा के तीसरे दिन 11:45 बजे काचीगुडा पहुंचेगी। उक्त ट्रेन अपने मार्ग में दोनों दिशाओं में पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार में आसनसोल मंडल में चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी। उक्त ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, श्यनयान श्रेणी और वातानुकूलित कोच उपलब्ध होंगे।

छठ महापर्व के दौरान स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे द्वार विशेष व्यवस्था, जसीडीह स्टेशन पर 11 टिकट खिड़कियों के साथ 4 एटीवीएम भी चल रहीं हैं
जसीडीह। छठ पूजा के दौरान यात्रियों की आसान आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए, भारतीय रेलवे ने अनुकूलित भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक उपाय किए हैं। त्योहारों के अवसर पर भारतीय रेलवे द्वारा 7,296 विशेष गाड़ियाँ चलाई जा रही हैं, जबकि पिछले साल 4,500 विशेष गाड़ियाँ चलाई गई थीं। 31 अक्टूबर को रेलवे ने 150 से अधिक विशेष गाड़ियाँ चलाईं। 1 नवंबर 2024 को 158 विशेष गाड़ियाँ चलाई जा रही हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं। कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में प्रवेश की व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है। 2 नवंबर 2024 को लंबी दूरी की 164 विशेष गाड़ियों को चलाने की योजना बनाई गई है। छठ पूजा के लिए पूर्व रेलवे द्वारा कार्य स्थल से गृह स्टेशन तक आने-जाने के लिए यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए, पूर्व रेलवे 58 त्यौहार विशेष ट्रेनें चला रही है। इसके अलावा, अन्य क्षेत्रीय रेलों द्वारा चलाई गई 40 विशेष गाड़ियां भी पूर्व रेलवे स्टेशनों से प्रारंभ/समाप्त हो रही हैं। इसके अलावा, 42 अन्य विशेष ट्रेनें भी पूर्व रेलवे नेटवर्क से गुजर रही हैं। त्यौहारों के मौसम में यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए ये सभी विशेष ट्रेनें कुल 972 यात्राएं करेंगी।साथ ही जसीडीह स्टेशन पर कुल 11 टिकट खिड़कियों के साथ चार (4) एटीवीएम भी चल रहीं हैं। जसीडीह में सुबह की पाली में चार, शाम की पाली में 4 और रात की पाली में 3 काउंटर चल रहे हैं। 2.11.2024 से 2 अतिरिक्त बुकिंग काउंटर खोले जाने की योजना बनाई गई है।



