मधुपुर: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से प्रत्याशी “जियाउल हक उर्फ टार्जन” ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने निर्वाचि सह अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, राजीव कुमार के समक्ष अपने नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में जियाउल हक ने कहा, “मधुपुर की बदहाली को खत्म करने के लिए मेरे हाथों को मजबूत करें! यदि मुझे जनता का समर्थन मिला और मैं चुनाव जीता, तो सबसे पहले अशिक्षा को जड़ से खत्म करूंगा। समाज के अशिक्षित लोगों को शिक्षा का हक दिलाना मेरी प्राथमिकता होगी।” उन्होंने कहा, “थाना और ब्लॉक का भय जो जनता में बैठा है, उसे मिटाने का काम करूंगा! भ्रष्टाचार के कारण गरीबों तक जो लाभ नहीं पहुँच पा रहा, उन भ्रष्ट पदाधिकारियों को सुधारने की पूरी कोशिश करूंगा। युवा हमारे देश की रीढ़ हैं, और मैं उनकी आवाज़ बनूंगा।” नामांकन के बाद बसपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। जियाउल हक ने मधुपुर की जनता से अपील की कि वे बदलाव के इस संकल्प में उनका साथ दें!



