●झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं रामकृष्ण हेम्ब्रम, झामुमो से टिकट के दावेदार थे
●झामुमो ने डॉ. लुईस मरांडी को जामा से बनाया है प्रत्याशी, विरोध कर रहा है झामुमो का ही एक खेमा
संताल परगना प्रभारी

दुमका। जामा से झामुमो टिकट के दावेदार रहे रामकृष्ण हेम्ब्रम ने पार्टी से बगावत कर मंगलवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन का पर्चा भर दिया।रामकृष्ण हेम्ब्रम झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं।
जामा सीट से झामुमो ने डॉ. लुईस मरांडी को प्रत्याशी बनाया है।झामुमो का एक खेमा डॉ. लुईस मरांडी को इस आधार पर विरोध कर रहा है कि वह भाजपा से झामुमो में आईं और उन्हें रातोंरात टिकट दे दिया गया जबकि झामुमो के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता वर्षों से पार्टी का झंडा ढो रहे हैं।डॉ. लुईस मरांडी के भाजपा छोड़ कर झामुमो में शामिल होने के बाद से ही जामा में उनका विरोध शुरू हो गया था।कमीशन सोरेन सहित कई मुखिया और झामुमो के कार्यकर्ताओं ने जामा चौक पर डॉ. लुईस मरांडी के नाम पर विरोध जताते हुए उन्हें टिकट नहीं देने की मांग पार्टी नेतृत्व से की थी।पर पार्टी ने डॉ. लुईस मरांडी को टिकट दे दिया और उन्होंने 28 अक्टूबर को जामा से नामांकन पत्र भी भर दिया।इसके बाद 29 अक्टूबर रामकृष्ण हेम्ब्रम ने जामा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन का पर्चा भर दिया।बता दें कि जामा की झामुमो विधायक रहीं सीता सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद से ही झामुमो के कई स्थानीय कार्यकर्ता टिकट का दावा कर रहे थे।रामकृष्ण हेम्ब्रम ने बताया कि हम झामुमो के वरीय नेताओं के संपर्क में रहे और जामा सीट से टिकट का आश्वासन मुझे नेताओं से मिला था।पर जब टिकट देने बारी आई तो दूसरे दल से आई बाहरी को टिकट दे दिया गया।
इस कारण हमें निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ रहा है।श्री हेम्ब्रम ने बताया कि स्थानीयता, विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मैं जामा की जनता के बीच जा रहा हूं।रामकृष्ण हेम्ब्रम के साथ मुखिया कमीशन सोरेन, सुमिता मरांडी, मुकेश गृही, रामगढ़ से मुखिया चुंडा मरांडी, कालीचरण मुर्मू, प्रतिनिधि इस्लाम टुडू, सुनील सोरेन, पूर्व मुखिया राकेश हेम्ब्रम, पानेशल हांसदा, जगत किस्कू, नरेश मरांडी, चंद्रशेखर सोरेन, श्यामसुंदर कुमार सहित कई समर्थक मौजूद थे।



