सोने चांदी एवं बर्तन दुकानों में लगी रही ग्राहकों की भीड़, जमकर हुई दोपहिया वाहनों की बिक्री
50 से 55 करोड रुपए के कारोबार होने की संभावना
गोड्डा :: जिला मुख्यालय सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों में दीपावली व धनतेरस की खरीददारी को लेकर भारी भीड़ रही। चैंबर आफ कामर्स की ओर से बताया कि धनतेरस में जिले भर में 50 से 55 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। लोगों ने धनतेरस पर अपनी मनपसंद वस्तुओं की खरीददारी की। बाजार खुलते ही सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। जिला मुख्यालय में तो दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। धनतेरस पर खासकर सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के की जमकर खरीददारी हुई। शहर के रिया ज्वेलर्स सहित कई प्रमुख ज्वेलरी की दुकानों में देर शाम तक जमकर खरीदारी हुई। लोग सोने के जेवर, सिक्के सहित चांदी से बनी सामग्री की भी जमकर खरीदारी की। वहीं रोजमर्रा की जिंदगी में उपयोग के लिए बर्तनों व झाड़ू की दुकानों पर अनवरत भीड़ लगी रही। वहीं गणेश -लक्ष्मी की मुर्ति, मिट्टी के दीये भुटकी की तरफ लोगों का झुकाव देखा गया। आरबी मार्केट, मुख्य मार्ग पर पुष्पांजलि के समीप व भागलपुर मुख्य मार्ग व न्यू मार्केट स्थित फर्नीचर की दुकानों पर खरीददारों की खासी भीड़ रही। लोगों ने पसंद के सोफासेट, गद्दे, कुर्सियां, आलमारी की भी खरीददारी जमकर हुई। रौतारा चौक व भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित मालों में भी खरीददारी को लेकर अपार भीड़ देखी गई। कई आकर्षक उपहारों के बीच लोगों ने जमकर खरीददारी की। दो पहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर सुबह से ही विभिन्न दो पहिया वाहनों के शोरूम के बाहर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। धनतेरस के अवसर पर सैकड़ो दो पहिए एवं कई चार पहिए वाहनों की भी बिक्री मुख्यालय में देखी गई।
जानकार बताते हैं कि धनतेरस को धन्वरी जयंती के रूप में मनाने का विधान है। इस अवसर पर रोजमर्रा की वस्तुओं की खरीददारी को शुभ माना जाता है। इसलिए इस दिन झाडू, धनिया आदि खरीदने का विधान है। खरीददारी को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। 31 अक्टूबर को दीपावली मनाई जाएगी। इसलिए लोग दीया- भुटकी व गणेश- लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीददारी क रही हैं। जबकि 30 अक्टूबर को छाेटी दीपावली मनाई जाएगी। लोग घरों के बाहर दीये जलाकर दीपावली की शुरूआत करेंगे।



