जरमुंडी। विधानसभा आमचुनाव 2024 के लिए नामांकन हेतु जाने से पूर्व विभिन्न पार्टियों के उम्मीदवार सोमवार को बासुकीनाथ मंदिर पहुंचे और ज्योतिर्मय भगवान नागेश बासुकीनाथ की पूजा अर्चना कर जीत की कामना की। सोमवार को नामांकन से पूर्व बासुकीनाथ में पूजा अर्चना करने आए उम्मीदवारों में भाजपा के प्रत्याशियों में जामताड़ा से प्रत्याशी सीता सोरेन, जरमुंडी से प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर, जामा से सुरेश मुर्मू और गोड्डा विधानसभा से राजद के महागठबंधन प्रत्याशी संजय यादव शामिल रहे। सभी प्रत्याशियों ने बाबा बासुकीनाथ के प्रधान मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना कर माता पार्वती , माता काली और शत्रुओं पर विजय दिलानेवाली राजराजेश्वरी पीतांबरा भगवती बगलामुखी के मंदिरों में भी विशेष पूजा अर्चना और आरती की। इस अवसर विभिन्न प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक और करीबी मौजूद रहे।




