देवघर संताल एक्सप्रेस:-मधुपुर विधानसभा चुनावों के नामांकन के छठे दिन सोमवार को मधुपुर और सारठ विधानसभा क्षेत्रों से विभिन्न पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए। मधुपुर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार हफीजुल हसन ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। उनके साथ बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी मौजूद रहे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गंगा नारायण सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे उनकी ओर से समर्थन में उपस्थित रहे।सारठ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी रणधीर सिंह ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया, जबकि इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी उदय शंकर सिंह उर्फ चुना सिंह ने भी पूरी तैयारी और शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया। मधुपुर और सारठ विधानसभा क्षेत्रों में कई अन्य निर्दलीय और छोटे दलों के उम्मीदवारों ने भी अपने नामांकन दाखिल किए, जिनमें राष्ट्रीय जन क्रांति मोर्चा से अब्दुल लतीफ अंसारी, निर्दलीय प्रत्याशी सहूद अंसारी, विनोद कुमार यादव और संतोष कुमार गुप्ता शामिल हैं। नामांकन के बाद भाजपा ने मधुपुर रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया, जहां भाजपा नेता चंपई सोरेन और सांसद निशिकांत दुबे ने जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगे। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पथर्चपटी मोहल्ला स्थित आम बागान मैदान में रैली कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सांसद पप्पू यादव ने अपनी उपस्थिति दर्ज की और जनता से झामुमो प्रत्याशी को जिताने की अपील की। नामांकन के बाद हफीजुल हसन ने मीडिया से बातचीत में भाजपा पर तीखे आरोप लगाए, कहा कि जिसने आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपमानित करने का प्रयास किया, वह झारखंड की हितैषी नहीं हो सकती। हसन ने कहा, “हेमंत सोरेन ने झारखंड के विकास और महिलाओं की गरिमा को सर्वोपरि रखा है; मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार महिलाएं खुद आगे बढ़कर झामुमो को जिताएंगी और राज्य में फिर से हेमंत सरकार बनेगी।” सारठ से झामुमो प्रत्याशी उदय शंकर सिंह ने कहा, “यह चुनाव सारठ की जनता, छात्र, नौजवान, किसान और मजदूर लड़ रहे हैं। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जनता की दशा बदलने के लिए कई योजनाएं जमीन पर उतरी हैं। मैं दावे के साथ कहता हूँ कि झारखंड में एक बार फिर से हेमंत सरकार ही बनेगी।” वहीं, भाजपा प्रत्याशी रणधीर सिंह ने अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि जनता इस बार ‘विकास’ को वोट देगी। मधुपुर से भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ने दावा किया, “मधुपुर की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा की जीत को अब कोई नहीं रोक सकता, और यह सीट भाजपा की झोली में ही जाएगी।




