●जामा से भाजपा का टिकट नहीं मिलने से नाराज थे पहाड़िया नेता राजू पुजहर
●हिमंता विस्वा सरमा ने सुरेश मुर्मू और राजू पुजहर को बताया राम-लक्ष्मण की जोड़ी
सुमन सिंह
दुमका।जामा से भाजपा टिकट के दावेदार रहे राजू पुजहर को बागी होने से पहले ही मना लिया गया।भाजपा ने इस सीट से लगातार तीसरी बार सुरेश मुर्मू को चुनाव मैदान में उतारा है।टिकट नहीं मिलने से नाराज राजू पुजहर ने जामा विधान सभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने की न केवल घोषणा की थी बल्कि नामांकन के लिए उन्होंने नाजिर रशीद भी कटा लिया था।राजू पुजहर आदिम जनजाति पहाड़िया समाज से आते हैं और एक पंचायत के निर्वाचित मुखिया भी हैं। पहाड़िया समाज चुनावों में भाजपा का समर्थन करते रहा है।इस लिहाज से राजू पुजहर के बागी होकर चुनाव लड़ने से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू की मुश्किल बढ़ सकती थी।भाजपा नेताओं ने डैमेज कंट्रोल करते हुए तुरंत राजू पुजहर से संपर्क किया।असम से मुख्यमंत्री और झारखंड में चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने दो दिन पहले राजू पुजहर को रांची बुलवा कर उन्हें बागी के रूप में जामा से चुनाव नहीं लड़ने के लिए मना लिया।सोमवार को राजू पुजहर भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू के नामांकन के मौके पर दुमका में साथ-साथ रहे।असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने सुरेश मुर्मू और राजू पुजहर को राम-लक्ष्मण की जोड़ी बताया।यज्ञ मैदान में नामांकन सह आशीर्वाद सभा को राजू पुजहर ने संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।




