हिमंता ने कहा-एक दिन में किसी को कोई पार्टी टिकट नहीं दे देती है
संवाददाता

दुमका । असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने यह खुलासा किया है कि डॉ. लुईस मरांडी तीन माह से हेमंत सोरेन के संपर्क में थीं।इसकी जानकारी भाजपा के बड़े नेताओं को थी।हिमंता विस्वा सरमा सोमवार को दुमका जिला के चार विधान सभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के मौके पर दुमका आए थे। यहां यज्ञ मैदान में नामांकन सह आशीर्वाद सभा को संबोधित करने के बाद असम सीएम हिमंता विस्वा सरमा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।पत्रकारों ने जब दुमका से डॉ.लुईस मरांडी को टिकट नहीं मिलने पर सवाल पूछा तो जवाब में उन्होंने कहा कि लुईस मरांडी काफी दिनों से करीब तीन माह से हेमंत सोरेन के संपर्क में थीं जिसकी जानकारी हमलोगों को थी।हमलोगों को संदेह था कि अगर लुईस मरांडी को नामांकन करा दिया जाता तो वह ऐन मौके पर नामांकन वापस ले लेती।हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि अगर ऐसा नहीं था तो उनको जेएमएम से टिकट कैसे मिल गया।कोई भी पार्टी किसी को एक दिन में टिकट नहीं देती है।
–
बांग्लादेशी घुसपैठियों को भगा कर झारखंड को स्वर्ण भूमि बनाना है
भाजपा के इस आरोप पर कि असम के सीएम आग लगाने झारखंड आते हैं,हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि हनुमान ने भी लंका में आग लगाई थी।मैं झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों के बीच आग लगाने आता हूं।घुसपैठियों को यहां से भगा कर झारखंड को आदिवासियों और मूलवासियों का स्वर्ण भूमि बनाना भाजपा का लक्ष्य है।हिमंता विस्वा सरमा ने स्पष्ट किया कि सभी मुसलमान बांग्लादेशी घुसपैठिये नहीं हैं।पर हर पांच साल में जिस अनुपात में मुसलमानों की संख्या बढ़ रही है,उससे यह साफ पता चलता है कि यहां घुसपैठ हो रही है।हिमंता विस्वा सरमा ने आज ही सोशल मीडिया में वायरल बांग्लादेशी घुसपैठियों से सम्बंधित झारखंड सरकार के एक सरकारी पत्र की पत्रकारों को याद दिलाई।
—
बासुकीनाथ के क्षेत्र में मुझे नागरिकता मिल जाए तो खुशी होगी
असम सीएम को झारखंड की नागरिकता ले लेने से सम्बंधित झामुमो विधायक बसंत सोरेन के बयान पर हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि बाबा बासुकीनाथ के क्षेत्र में अगर मुझे नागरिकता मिल जाए तो इससे बड़ी खुशी की बात और क्या हो सकती है।



