जामताड़ा : गुप्त सूचना पर छापामारी करते हुए जामताड़ा पुलिस ने सोमवार को एक पुराने शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। इस बाबत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लगोरी ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल खरीद बिक्री करने के बाबत पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। उन्हीं के निर्देश पर मेरे नेतृत्व में टाउन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक हीरा ठाकुर और लालबाबू के साथ सशस्त्र बल के जवान छापामारी अभियान में शामिल किए गए। बताया कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के ऊपर भीठरा ग्राम निवासी शहाबुद्दीन मियां को जामताड़ा चितरा कोलयरी मुख्य मार्ग पर नावाडीह गांव के समीप चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। इस छापामारी में कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिल में हीरो स्प्लेंडर, हीरो पैशन प्रो, दो ग्लैमर और एक होंडा शाइन शामिल है। इसमें से तीन मोटरसाइकिल धनबाद नंबर का है, एक दुमका नंबर का और एक मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट ही नहीं है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शहाबुद्दीन अंसारी के खिलाफ 2023 में भी मोटरसाइकिल चोरी का एक मामला जामताड़ा थाना में दर्ज है।



