जमशेदपुर। मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र में रविवार को बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान विकास गुप्ता के रूप में की गयी है। घटना दरभंगा डेयरी के पास मानगो-डिमना रोड पर हुई। गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी। घायल विकास को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उस मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि गोली विकास की गर्दन में लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उलीडीह और मानगो थाना की पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और घरों के लोगों से पूछताछ की है। जानकारी के अनुसार, विकास गुप्ता एक कुख्यात अपराधी के लिए काम करता था और उस पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि घटना के कारणों का पता जांच के बाद चल पाएगा। अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


