साढ़े चार वर्षों तक लूट खसोट में लिप्त हेमंत सरकार चुनाव के वक्त लोगों को प्रलोभन देकर वोट लेना चाह रही है :अमित मंडल
रामगढ़(दुमका) । जामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ प्रखंड के इटबंधा मैदान में परिवर्तन संकल्प सभा बुधवार को भाजपा ने की । पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत संकल्प सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को शामिल होना था, परन्तु बुधवार की सुबह से हो रही तेज बरसात के कारण रांची से उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। लगातार हो रही बरसात तथा जितिया पर्व के बावजूद कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाओं की उपस्थिति देखने को मिली। संकल्प सभा को बतौर मुख्य अतिथि गोड्डा विधानसभा के विधायक सह परिवर्तन संकल्प यात्रा के संताल परगना संयोजक अमित मंडल, पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन, जरमुंडी के पूर्व विधायक देवेन्द्र कुंवर, जामा विधानसभा प्रभारी सीताराम पाठक, सुरेश मुर्मू, भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव कांत ने संबोधित किया| कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोड्डा विधायक अमित मंडल ने झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना पर प्रहार करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो देश की महिलाओं को सम्मान दिया है, वैसा सम्मान आज तक किसी सरकार ने नहीं दिया। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही महिलाओं को सम्मान देते हुए स्वयं सहायता समूह का गठन किया था| आज स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपना घर परिवार चला रही है| महिलाओं को सम्मान देते हुए मोदी सरकार ने सभी महिलाओं को मुफ्त में गैस चूल्हा उपलब्ध कराया| विगत कई वर्षों से देश के 80 करोड़ परिवारों को मुफ्त में राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साढ़े चार वर्षों तक लूट खसोट में शामिल सरकार अब चुनाव के वक्त लोगों को प्रलोभन देकर वोट लेना चाह रही है। झारखंड सरकार को युवा विरोधी बताते हुए कहा कि प्रति वर्ष पांच लाख बेरोजगार युवाओं को नौकरी बेरोजगारों को भत्ता देने का वादा कर कुर्सी पर बैठने वाली सरकार ने झारखंड के युवाओं को ठगने का काम किया है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से झारखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में एक एक वोट भाजपा के पक्ष में देकर डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील की।
मौके पर सीता सोरेन ने कहा कि जो अपने घर की महिलाओं को सम्मान नहीं दे सकते वैसे लोग झारखंड में मंईया सम्मान योजना चला रहे हैं। झारखंड सरकार की मंईया सम्मान योजना को पूरी तरह से चुनावी लालिपाप करार देते हुए उन्होंने कहा की दिसंबर के बाद मंईयां सम्मान योजना को बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने चार वर्षों तक खनिज संपदाओं को बेचने का काम किया है एनजीटी के रोक के बाबजूद पुलिस की मिलीं भगत से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक बालू बाहर भेजा जा रहा है। जबकि गरीबों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए लाए जा रहे बालू को वहीं पुलिस पकड़ कर कारवाई कर रही है। उन्होंने संताल परगना में हो बंग्लादेशी घुसपैठ पर भी झारखंड सरकार को आड़े हाथों लेते हुए झारखंड के आदिवासियों को सावधान रहने को कहा। पूर्व सांसद सुनील सोरेन और पूर्व मंत्री लुईस मरांडी ने उपस्थित जनता से भाजपा के समर्थन में आने की बात कही और झामुमो के झांसे में नहीं आने की बात कही । कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष गौरव कांत, जरमुंडी के पूर्व विधायक देवेन्द्र कुंवर, सुरेश मुर्मू, सीताराम पाठक , जीतलाल राय आदि ने भी संबोधित किया। जबकि मंच संचालन आदिवासी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश मुर्मू ने किया।मौके पर जिला महामंत्री मनोज पाण्डेय युवा मोर्चा अध्यक्ष रुपेश मंडल जामा विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष के साथ साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


