दुमका। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के कुशासन और भ्रष्टाचार के विरुद्ध भाजपा की परिवर्तन यात्रा पूरे जोश और समर्थन के साथ आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में बुधवार को, जामा और शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन यात्रा के अंतर्गत जनसभाओं और रोड शो का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा मिडिया प्रभारी पिंटू अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को हेलीकॉप्टर से
प्रातः 10:45 बजे रामगढ़ प्रखंड ईटबंधा मैदान (जामा विधानसभा) और दोपहर 1:00 बजे शिकारीपाड़ा प्रखंड कॉलेज मैदान(शिकारीपाड़ा विधानसभा) में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी परिवर्तन सभाओं को संबोधित करेंगे। परिवर्तन सभाओं के माध्यम से हेमंत सोरेन सरकार की भ्रष्ट नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और जनता से किए गए वादों को लेकर भाजपा जनता को जागरूक करेगी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ जनसभा के पश्चात परिवर्तन यात्रा भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा काठीकुंड और रानेश्वर प्रखंड में रोड शो का आयोजन किया जाएगा। इस रोड शो में भी गोड्डा विधायक अमित मंडल और अन्य प्रमुख स्थानीय नेता उपस्थित रहेंगे। यह रोड शो जनता और भाजपा के बीच सीधा संवाद स्थापित करने और पार्टी के संकल्प को हर नागरिक तक पहुंचाने का एक अहम अवसर होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा को मिल रहा अपार जनसमर्थन यह सिद्ध करता है कि झारखंड की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। राज्य में फैले भ्रष्टाचार, अपराध और विकास की रुकावटों के खिलाफ भाजपा का यह आंदोलन प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए संकल्पित है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


