पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिला के परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा कुर्मी टोला में सोमवार को श्यामा प्रसाद स्कूल के कक्षा नौवीं के छात्र अंकित लोहार (14) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में केवल उसकी सात वर्षीय छोटी बहन मौजूद थी, जबकि उसकी मां मोना लोहार सुबह काम पर गई हुई थीं।
परिजनों के अनुसार, छोटी बहन ने जब कमरे में अंकित को फंदे से लटका देखा तो वह घबरा गई और रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से अंकित को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद अस्पताल पहुंचीं मां बेटे की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं।
मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि सुबह उन्होंने अंकित का मोबाइल फोन जांचा था, जिससे वह नाराज हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच कर रहे अवर निरीक्षक ज्ञान भूषण तिग्गा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मृतक अंकित के पिता का निधन पहले ही हो चुका था और परिवार में मां, अंकित तथा उसकी छोटी बहन ही रहते थे। मोहल्ले के लोगों के अनुसारए अंकित एक शांत स्वभाव और होनहार छात्र था। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


