पटना । बिहार सरकार, चारा घोटाला के अपने 950 करोड़ रुपए की वापसी के लिए कोर्ट जाएगी। सीबीआई, आईटी से बात करेगी। उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा कि हम वैसे सभी उपाय देख और कर रहे हैं, जिससे ये रुपए हमारे पास आ जाएं। पटना हाईकोर्ट ने चारा घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपते समय उसे गबन किए गए रुपए को बिहार सरकार के खजाने में वापस लौटाने की जिम्मेदारी भी दी थी। रुपए, घोटालेबाजों की संपत्ति बेचकर लौटाने थे। पैसे नहीं मिलने से नाखुश बिहार सरकार बड़ी पहल करने में जुटी है। हालांकि, यह बहुत टफ काम है।

इसको पूरा करने में सरकार के सामने बड़ी चुनौतियां होंगी। चारा घोटाला की जांच और कार्रवाई को 29 साल हो गए। पटना हाईकोर्ट ने मार्च 1996 में सीबीआई को जांच सौंपी थी। घोटाला में शामिल धाकड़ नेता, अफसर जेल गए। राजपाट गया। कई सजायाफ्ता हुए। जेल, जमानत और दूसरी कार्रवाई अब भी जारी है। इतने सालों में कार्रवाई से जुड़ा दूसरा टास्क, गबन के रुपयों की खजाना में वापसी, यूं ही पड़ा है। अभी तक के हालात के अनुसार निकट भविष्य में भी इस टास्क के पूरा होने की उम्मीद नहीं लगती। इस बारे में एजेंसियां कुछ नहीं बोलतीं। सिवाय इसके कि कार्रवाई जारी है।





