14 मोबाइल फोन और 20 फर्जी सिम कार्ड बरामद
देवघर। साइबर थाना की पुलिस ने देवीपुर थाना क्षेत्र के महबदिया और पथरड्डा ओपी क्षेत्र के भूरा गांव के पास छापेमारी कर आठ संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों की पहचान 29 वर्षीय इंद्रदेव मंडल, 27 वर्षीय डब्लू कुमार दास, 20 वर्षीय रिजवान अंसारी, 21 वर्षीय नाजीर अंसारी, 19 वर्षीय प्रकाश कुमार, 22 वर्षीय मुन्ना कुमार दास उर्फ गौतम, 20 वर्षीय सचिन दास और 32 वर्षीय सचिन्द्र कुमार दास के तौर पर हुई है। पुलिस ने इन साइबर अपराध के अभियुक्तों के पास से 14 मोबाइल फोन और 20 फर्जी सिम कार्ड बरामद किया है। इस संबंध में देवघर पुलिस के मीडिया सेल द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में गिरफ्तार सभी साइबर अपराधियों के पास से बरामद मोबाइल फोन द्वारा साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। साथ ही, इस मामले में गिरफ्तार इंद्रदेव मंडल और डब्लू कुमार दास का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरफ्तार किये गये साइबर ठग की अपराध शैली में
पीएम किसान योजना के लाभुकों को फर्जी पीएम किसान योजना का लिंक भेजकर लाभुक को झांसे में लेकर ठगी करना। फर्जी फोन पे पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैश बैक का झांसा देकर फोन पे गिफ्ट कार्ड क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर ठगी करना। फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक क्रेडिट बंद कर उपभोक्ताओं को झांसा देकर तथा आम सहायता के रूप में कार्ड को पुनः चालू कराने के नाम पर झांसा देकर ठगी करता था। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के पास से जप्त मो०न०,आई०एम०ई०आई० पर प्रतिबिम्ब पोर्टल पर भारत के विभिन्न राज्यों का क्राईम लिंक पाया गया है।






