कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच कथित करोड़ों रुपये के घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीमें तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के कोलकाता स्थित आवास समेत करीब 10 ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। इनमें हाइलैंड पार्क और हिंदुस्तान पार्क स्थित परिसरों के अलावा उनके रिश्तेदारों से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं। तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज और अन्य सामग्री मिलने की बात सामने आई है।
मास आर्ट पर गंभीर आरोप
जांच के केंद्र में इंद्रनील सेन और उनकी पत्नी मधुछंदा सेन से जुड़ी मास आर्ट संस्था बताई जा रही है। यह संस्था 2022 में महानिर्वाण रोड मास आर्ट सोसाइटी के नाम से गठित हुई थी। आरोप है कि संस्था ने यूनेस्को के नाम और लोगो का कथित तौर पर इस्तेमाल कर खुद को उसका आधिकारिक साझेदार बताया।
आरोपों के मुताबिक, संस्था ने कोलकाता के 24 दुर्गा पूजा पंडालों के प्रीव्यू शो के नाम पर टिकट बेचे और इसके जरिए बड़ी रकम जुटाई। जांच में कथित तौर पर 50 से 60 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। ईडी की कार्रवाई के दौरान एजेंसी कथित धन के स्रोत, लेनदेन और संस्था से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में तलाशी पूरी होने और जांच आगे बढ़ने के बाद आरोपों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


