भांडुप में खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, दो बच्चों समेत सभी मरीजों की हालत स्थिर
मुंबई । महानगर के भांडुप इलाके में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 27 लोग बीमार पड़ गए। बीमार लोगों में नवविवाहित जोड़ा भी शामिल है। सभी को उपचार के लिए एमटी अग्रवाल म्युनिसिपल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है।
अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कैलाश मारस्कोले ने घटना की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि कुल 27 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उनका उपचार किया जा रहा है।
बताया गया कि शादी समारोह में भोजन करने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटना में दूल्हा-दुल्हन के भी बीमार होने की जानकारी सामने आई है। एक ही समारोह में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं।


