गंभीर मरीजों को राहत: देवघर एम्स में अब मिलेगी अत्याधुनिक आपात चिकित्सा सुविधा
देवघर। देवीपुर स्थित एम्स में शनिवार को 24 घंटे संचालित इमरजेंसी सेवा की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अत्याधुनिक सेवा का उद्घाटन गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने किया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर सांसद ने कहा कि अब गंभीर रोगियों को इलाज के लिए दिल्ली या वैल्लोर जैसे बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। एम्स प्रबंधन के अनुसार इमरजेंसी सेवा के लिए एक स्वतंत्र भवन इमरजेंसी ब्लॉक का निर्माण किया गया है, जो आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस है।

इस भवन में 30 क्रिटिकल बेड की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 20 बेड पर वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है। सभी बेड पर ऑक्सीजन सपोर्ट, हर्ट मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर और अन्य आवश्यक उपकरण इंस्टॉल किए गए हैं, जिससे गंभीर रोगियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। प्रारंभिक चरण में छाती में दर्द, खांसी के साथ खून आना, पेट में तेज दर्द, सांस की तकलीफ, तेज बुखार, जलन, गहरे घाव, सिरदर्द जैसे लक्षणों वाले रोगियों को भर्ती कर इलाज की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही अगले तीन महीने में ट्रॉमा सेंटर की सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें एक्सीडेंट, सिर की चोट, रीढ़ की हड्डी की चोट, छाती में गहरी चोट जैसे मामलों का इलाज संभव होगा। छह महीने के भीतर ब्रेन हेमरेज और हृदयगति से जुड़ी आपात स्थितियों के लिए ऑपरेशन और स्टेंट लगवाने की सुविधा भी शुरू हो जाएगी।
इस संबंध में एम्स देवघर के निदेशक प्रो. (डॉ.) सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि यह इमरजेंसी ब्लॉक संस्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि रोगियों की स्थिति के अनुसार ब्रेन हेमरेज का ऑपरेशन व हार्ट पेशेंट्स के लिए स्टेंट इम्प्लांट की सुविधा भी जल्द आरंभ होगी। फिलहाल देवघर एम्स में 41 विभाग कार्यरत हैं। यहां प्रतिदिन 1700 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज हेतु पहुंचते हैं। मरीज झारखंड के अलावा बिहार, बंगाल व समीपवर्ती राज्यों से आते हैं। मरीजों के इलाज के लिए लगभग 400 डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम और 16 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था है, जहां जटिल सर्जरी की जा रही हैं। उद्घाटन समारोह के उपरांत डॉ. निशिकांत दुबे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम्स परिसर में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में भी शामिल हुए और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। देवघर एम्स की यह नई इमरजेंसी सेवा संथाल परगना क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए जीवन रक्षक साबित होगी, जिससे अब गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।



