नई दिल्ली । अब तक 200 से अधिक भारतीय नागरिक रूसी सशस्त्र बलों में शामिल होकर इस युद्ध का हिस्सा बन चुके हैं। यह खुलासा राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में किया गया। विदेश मंत्रालय द्वारा संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक फरवरी 2024 से अब तक कुल 202 भारतीय नागरिक रूसी सेना में भर्ती हुए हैं। हालांकि सरकार के प्रयासों से इनमें से 119 भारतीयों को समय से पहले छुट्टी दिलाकर सुरक्षित भारत वापस लाया जा चुका है, जिसे एक बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस युद्ध के दौरान अब तक 26 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 7 भारतीयों के लापता होने की सूचना भी सामने आई है, जिससे उनके परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि वह अभी भी रूसी सेना में मौजूद लगभग 50 भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द वहां से मुक्त कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही जिन 10 भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, उनके पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया भी जारी है। यह प्रक्रिया जटिल होने के बावजूद सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारत सरकार रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।
भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, भलाई और शीघ्र रिहाई को लेकर हर स्तर पर बातचीत की जा रही है। इसमें भारत और रूस के शीर्ष नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच संवाद शामिल है। पहचान और कानूनी प्रक्रियाओं को तेज करने के लिए अब तक 18 भारतीय नागरिकों के डीएनए सैंपल रूसी अधिकारियों को सौंपे जा चुके हैं, ताकि मृतकों और लापता लोगों की पुष्टि जल्द की जा सके। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि इतनी बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक आखिर रूसी सेना तक कैसे पहुंचे। रिपोर्ट्स के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से रूस ने विदेशी नागरिकों की भर्ती के लिए कई देशों में अभियान तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि रूस ने करीब 128 देशों में सैनिकों की भर्ती की कोशिश की है।
कई मामलों में बेहतर वेतन, नागरिकता या अन्य सुविधाओं का लालच देकर युवाओं को फंसाने के आरोप भी सामने आए हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध को अब तक का सबसे घातक संघर्ष माना जा रहा है। अनुमान है कि इस जंग में अब तक 10 लाख से ज्यादा लोग मारे गए या घायल हुए हैं। रूस को ही लगभग 7 लाख 90 हजार सैनिकों के हताहत होने का अनुमान है, जबकि करीब 85 हजार सैनिक लापता बताए जाते हैं। लगभग चार साल से जारी इस युद्ध में रूस यूक्रेन के बड़े भू-भाग पर कब्जा कर चुका है, जिसमें क्रीमिया समेत करीब 20 प्रतिशत क्षेत्र शामिल है।






